SwadeshSwadesh

कांग्रेस विधायक ने दिया इस्तीफा, कहा- राहुल गांधी नेतृत्व करने में असमर्थ

  • भाजपा में होंगे शामिल
  • 2 अन्य विधायक जल्द देंगे इस्तीफा

Update: 2021-06-18 08:10 GMT

गुवाहाटी।  असम में लगातार दूसरी बार भाजपा सरकार आने के बाद कांग्रेस में उठापटक मची हुई है। जोरहाट जिला के मोरियानी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रूपज्योति कुर्मी भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने पार्टी और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उधर, यह खबर जैसे ही बाहर आई, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा ने शुक्रवार की सुबह विधायक कुर्मी को कांग्रेस पार्टी से निलंबित कर दिया।

विधायक कुर्मी ने सदन से अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष बिश्वजीत दैमारी को सौंप दिया है।कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रूपज्योति कुर्मी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र प्रेषित किया है। पत्र में उन्होंने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की है और कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा और रकिबुल हुसैन राज्य में पार्टी को समाप्त करने पर तुले हुए हैं।

नेतृत्व करने में असमर्थ -

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस हाईकमान के नेता युवाओं को नहीं सुनना चाहते, इसलिए सभी राज्यों में पार्टी की स्थिति बिगड़ जा रही है। विधायक ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा की वे नेतृत्व करने में असमर्थ हैं, अगर वह कांग्रेस की कमान संभालते हैं तो पार्टी आगे नहीं बढ़ेगी।साथ ही उन्होंने दावा किया कि शीघ्र ही और दो कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल होंगे।

दो विधायक देंगे इस्तीफा - 

उधर, कुर्मी के इस्तीफे के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी ने मोरियानी क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी और नेताओं को एकजुट रखने और पार्टी से जोड़े रखने की कोशिश शुरू की है। राज्य में नयी सरकार के गठन का एक माह अभी पूरा हुआ है और कांग्रेस के अंदर हंगामा शुरू हो गया है। प्रदेश पार्टी अध्यक्ष ने कुर्मी को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करते हुए कहा कि विधायक कुर्मी पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाये गये थे। उधर, राजनीतिक हल्कों में कहा जा रहा है कि विधायक कुर्मी के बाद अन्य दो विधायक भी कांग्रेस छोड़ने के लिए तैयार हैं। दावा किया जा रहा है कि इन दो विधायकों में से एक बराक घाटी और निचले असम के विधायक हैं।कुर्मी ने स्वयं इस तरह का दावा करते हुए जानकारी दी कि वे सोमवार को भाजपा में शामिल होंगे।

Tags:    

Similar News