शादी की खुशियों के बीच खंडवा के एक गांव में पल भर में माहौल बदल गया। ढोल-डीजे की तेज आवाज से घबराई दूल्हे की घोड़ी बेकाबू होकर खुले कुएं में जा गिरी। गनीमत यह रही कि दूल्हे ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते छलांग लगा दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बारात के शोर से घबराई घोड़ी
यह घटना खंडवा जिले के ग्राम फतेहपुर की है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को छैगांवमाखन क्षेत्र के ग्राम आवल्या विठ्ठल से बारात फतेहपुर पहुंची थी। दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात के साथ गांव में प्रवेश कर रहा था।आगे-आगे ढोल और डीजे की धुन पर बाराती नाचते-गाते चल रहे थे। इसी दौरान अचानक घोड़ी घबरा गई और उसका संतुलन बिगड़ गया।
देखते ही देखते कुएं में गिर गई घोड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घोड़ी ने कुछ कदम इधर-उधर लिए और फिर पास ही स्थित खुले कुएं में जा गिरी। पूरा घटनाक्रम इतना तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। घोड़ी के बेकाबू होते ही दूल्हे ने बिना देर किए छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।
अफरा-तफरी, फिर रेस्क्यू
घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। बाराती और आसपास के ग्रामीण तुरंत कुएं की ओर दौड़े। कुएं में पानी भरा होने से घोड़ी की जान पर खतरा मंडरा रहा था. ग्रामीणों ने मिलकर रस्सियों और अन्य साधनों से रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घोड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
ग्रामीणों ने बताया कि यह कुआं गांव से लगी कोटवार की सरकारी जमीन पर स्थित है और लंबे समय से खुला पड़ा है। करीब दो साल पहले इसी कुएं में एक बैल गिर चुका था.च पिछले साल कोंडावद हादसे के बाद भी इस खुले कुएं को लेकर प्रशासन को जानकारी दी गई थी, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम अब तक नहीं किए गए।