MP Cabinet Decision: पोप फ्रांसिस के निधन पर राजकीय शोक, टाइगर रिजर्व के बफर जोन फेंसिंग के लिए 145 करोड़, जानिए कैबिनेट के निर्णय
MP Cabinet Decision
MP Cabinet Decision : मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में टाइगर रिजर्व के बफर जोन में फेंसिंग के लिए 145 करोड़ रुपए की राशि से लेकर कन्या विवाह योजना के नए नियम तक कई प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल द्वारा कैबिनेट बैठक में हुए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा - कूनो में चीता प्रोजेक्ट सफल रहा। पिछले दिनों गांधी सागर अभ्यारण्य में भी 2 चीते छोड़े गए हैं। इसकी प्रशंसा हुई है। ग्वालियर में पहला टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन बन सके इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार ने अपनी स्वीकृति भेज दी है। इससे मध्यप्रदेश में 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश आने की संभावना है। इससे 5 हजार रोजगार के अवसर मिलेंगे।
एमपी कैबिनेट डिसीजन -
- गेंहूं उपार्जन 50 लाख मीट्रिक टन हो गया है। 5 मई तक 60 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य पूरा हो जाएगा। अब किसानों के खाते में 10 हजार 500 करोड़ रुपए की राशि ट्रासंफर की गई है।
- प्रभारी मंत्रियों को यह निर्देश दिया गया है कि, वे अपने - अपने जिले में सतत पेय जल व्यवस्था की समीक्षा करें।
- 27 अप्रैल को इंदौर में एमपी टेक कॉन्क्लेव का आयोजन होने जा रहा है। इससे आईटी इंडस्ट्री में निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
- पोप फ्रांसिस के निधन पर मध्यप्रदेश में 22 से 24 अप्रैल तक राजकीय शोक की घोषणा की गई है।
- अगली मंत्रिपरिषद में ट्रांसफर पॉलिसी आ जाएगी।
- टाइगर रिजर्व के बफर जोन में इंसानों पर होने वाले हमले देखे गए हैं। इसके लिए 145 करोड़ की राशि के विकास कार्य किये जाएंगे। इससे मैन - एनिमल कॉन्फ्लिक्ट कम होगा। 9 टाइगर रिजर्व में पिछले चार सालों में टाइगर की संख्या 526 से बढ़कर 785 हो गई है। इसलिए टाइगर के मनुष्य और गाय पर हमले बढ़े हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में फेंसिंग आवश्यक है इसलिए 3 वर्षों में 145 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।
- मुख्यमंत्री कन्या निकाह - विवाह योजना में 15 मई तक होने वाले रजिस्ट्रेशन वैसे ही होंगे। भविष्य में इसमें संशोधन करते हुए निर्णय लिया गया है कि, कम से कम 11 और अधिकतम 200 जोड़ों का विवाह ही एक स्थान पर होगा। इससे व्यवस्था अच्छी हो पाएगी।