सीएम मोहन यादव ने IPS सर्विस मीट का किया शुभारंभ, बोले MP में संगठित अपराध के लिए कोई जगह नहीं

Update: 2026-01-16 10:04 GMT

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में आयोजित IPS सर्विस मीट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल की बहादुरी और समर्पण की सराहना की और नक्सलवाद की तुलना सांप से करते हुए इसे नियंत्रित करने में पुलिस की भूमिका को सराहा।

सीएम यादव ने कहा, "मान लें कि किसी कमरे में मखमल के गद्दे पर सोने के लिए कहा जाए और उसी कमरे में सांप घूम रहे हों, तो कोई कैसे चैन से सो सकता है। हमारी खुशी इस बात में है कि हमारी पुलिस ने इस चुनौती को समझा और नक्सल मूवमेंट के खतरनाक फन को कुचलते हुए उसे समाप्त करने का काम किया।"

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने राज्य को नक्सल-मुक्त बनाने की चुनौती को स्वीकार किया और असंभव को संभव बनाकर दिखाया। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी।

सीएम ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार और व्यक्तिगत जीवन की परवाह किए बिना जनता की सेवा में जुटे रहते हैं। उन्होंने बताया कि हमारे देश में IAS और IPS अधिकारी लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

सीएम यादव ने कहा, "भारत में पुलिस अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण है। जबकि पड़ोसी देशों में सरकारें बार-बार बदलती रहती हैं, हमारे यहां पुलिस और अन्य विभाग कानून और व्यवस्था बनाए रखने में लगातार जुटे रहते हैं। पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी में हमेशा तत्पर रहते हैं और सभी को अभिनंदन के पात्र हैं।"

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है और मध्य प्रदेश को आंतरिक सुरक्षा का आदर्श प्रदेश बनाने का लक्ष्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार हर कदम पर पुलिस के साथ खड़ी है।

इस मौके पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और भारतीय पुलिस सेवा संघ के अध्यक्ष चंचल शेखर ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के स्वागत उद्बोधन से हुई।

Tags:    

Similar News