भाजपा मप्र के नवनिर्वाचित अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा: समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगा हमेशा सम्मान

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भाजपा एक आदर्श राजनीतिक दल है।

Update: 2025-07-02 16:18 GMT

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भाजपा एक आदर्श राजनीतिक दल है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित हैं, उन्हें निश्चित तौर पर सम्मान मिलेगा लेकिन जो दाएं-बाएं करेंगे उन्हें दिक्कत आएगी।

 श्री खण्डेलवाल भाजपा कार्यालय में अपने निर्वाचन की घोषणा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें पार्टी का ध्वज सौंपा और प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने उन्हें मप्र भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित होने का प्रमाण सौंपा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्रीगण एवं प्रदेशभर से आए कार्यकर्ता उपस्थित थे।

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि हमारा संगठन पितृपुरूषों, कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान से सिंचित है। अंतिम व्यक्ति की सेवा का विचार और राष्ट्रवादी भाव ही हमारा अटल संकल्प है। हम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी संगठन को और ऊंची बुलंदियों पर ले जाएंगे। मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता के सम्मान में कोई कमी न आए। उन्होंने कहा कि मैं भी सामान्य कार्यकर्ता हूं। 

भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं को क्षमता और योग्यता के आधार पर दायित्व सौंपता है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में अनुशासन है। इतने बड़े-बड़े चुनाव हो जाते हैं और सभी प्रमुख लोग एक ही नामांकन भरते हैं। मैं कांग्रेस को चुनौती देता हूं। जैसा चुनाव हमारे प्रदेश का होता है, आप वार्ड का भी करवा दो तो हम सम्मान कर देंगे।  

उन्होंने कहा कि भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन को बहुत आगे ले जाने का कार्य किया है। हम सभी कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति बनकर विश्व गुरू बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आप सभी ने मुझे जो पद सौंपा है, वह पद नहीं एक दायित्व है। पार्टी के पूर्ववर्ती प्रदेश अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है। पहले जनसंघ, फिर भाजपा संगठन को कुशाभाऊ ठाकरे, सुंदरलाल पटवा, अटल बिहारी वाजपेयी और राजमाता विजयाराजे सिंधिया मध्यप्रदेश की माटी से थे, जिन्होंने भाजपा को शिखर तक पहुंचाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास की एक नई परिभाषा लिख रहा है। आम जनता से जुड़कर जनहितैषी व कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जो विकसित मध्यप्रदेश की दिशा में बड़ा कदम है। हम सभी मिलकर सांसद विष्णुदत्त शर्मा द्वारा लिखी इबारत को आगे ले जाने का काम करेंगे।

निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के बाद मंच से संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि हेमंत खंडेलवाल सहज, सरल मृदुभाषी हैं। किसी को कष्ट न देते हुए मजबूती से संगठन को जड़ तक पहुंचाएंगे। मैं हेमंत जी को चुनने के लिए सभी को बधाई देता हूँ। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, वैसे तो सभी ऋतुओं का मजा है, लेकिन हेमंत ऋतु की बात ही अलग है। वर्षा ऋतु में हेमंत ऋतु का आनंद आ गया। केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, हेमंत जी सहज, सरल थोड़े संकोची, सदभावी, शिष्टाचारी, सदचरित्र, कर्मठ हैं। उन्हें जो काम सौंपा, उसे मनोयोग से करने वाले कार्यकर्ता हैं। निवृतमान अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, हेमंत जी आदर्श कार्यकर्ता, सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं।

संभाला पदभार: श्री खण्डेलवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव, संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की उपस्थिति में पूजन-अर्चन कर पदभार ग्रहण किया। श्री खंडेलवाल ने पदभार संभालने के बाद पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

Tags:    

Similar News