Sports Hernia Surgery: सूर्यकुमार यादव की सर्जरी की वजह बनी स्पोर्ट्स हर्निया, जानें क्या है ये बीमारी

Update: 2025-06-26 14:20 GMT

Suryakumar Yadav Sports Hernia Surgery: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की जर्मनी में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी हुई है। फिटनेस से जूझ रहे सूर्या फिलहाल रिकवरी मोड में हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी सर्जरी की जानकारी दी। साथ ही अस्पताल से पोस्ट की गई तस्वीर में वे मुस्कुराते नज़र आए। उनके इस अपडेट के बाद फैन्स ने भी उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। आइए जानते हैं क्या होती है स्पोर्ट्स हर्निया...

सर्जरी के बाद सूर्या का हेल्थ अपडेट

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी हेल्थ को लेकर सोशल मीडिया पर अपडेट साझा किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनके पेट के निचले दाहिने हिस्से में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी हुई है। सूर्यकुमार ने लिखा, "मुझे यह बताते हुए अच्छा लग रहा है कि सर्जरी सफल रही और अब मैं रिकवरी कर रहा हूं।" उन्होंने आगे कहा कि वह अब दोबारा क्रिकेट मैदान पर लौटने के लिए बेहद उत्साहित हैं।


क्या होता है स्पोर्ट्स हर्निया? (Sports Hernia Surgery)

स्पोर्ट्स हर्निया एक दर्दनाक मांसपेशीय चोट है, जो पेट के निचले हिस्से या कमर के पास की मांसपेशियों और कंडरों (टेंडन) में खिंचाव या फटने की वजह से होती है। यह स्थिति तब पैदा होती है जब खिलाड़ी अत्यधिक शारीरिक गतिविधियों में संलग्न होता है, जैसे अचानक दौड़ना, रुकना या बलपूर्वक मोड़ लेना। क्रिकेट जैसे खेलों में जहां बल्लेबाजी, फील्डिंग और दौड़ते समय शरीर पर दबाव ज्यादा होता है। वहां इस तरह की चोट का जोखिम अधिक रहता है। शॉट खेलने या कैच पकड़ने के दौरान अचानक मांसपेशियों पर पड़ने वाला तनाव इसका मुख्य कारण बन सकता है।

लगातार इंजरी से जूझ रहे हैं सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav)

सूर्यकुमार यादव पिछले कुछ वर्षों से फिटनेस से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। साल 2023 में उनके टखने का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद 2024 में उन्हें स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करानी पड़ी। अब 2025 में एक बार फिर इसी समस्या के कारण उन्हें दोबारा सर्जरी से गुजरना पड़ा है। क्रिकेट फील्ड पर बेहद चुस्त नजर आने वाले सूर्यकुमार भारत के बेहतरीन बल्लेबाज हैं। 

Tags:    

Similar News