Hockey Asia Cup: भारत ने नहीं लगाया रोक, पाकिस्तानी टीम को राजगीर में खेलने की अनुमति!
Hockey Asia Cup
India-Pakistan Tension: भारत-पाकिस्तान के बीच जारी राजनीतिक तनाव को देखते हुए ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि पाकिस्तान हॉकी टीम को आगामी एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत नहीं मिलेगी। अब खेल मंत्रालय की ओर से बड़ा अपडेट सामने आया है। यह टूर्नामेंट बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाना है।
एशिया कप हॉकी 2025 के लिए पाकिस्तान को मिलेगी एंट्री!
खेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ सूत्र ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान हॉकी टीम को भारत में होने वाले एशिया कप हॉकी 2025 में खेलने की अनुमति दी जाएगी। यह टूर्नामेंट 27 अगस्त से शुरू होकर 7 सितंबर तक चलेगा, जिसकी मेजबानी भारत कर रहा है। आयोजन स्थल बिहार का राजगीर शहर होगा।
पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों के बाद ऐसी चर्चाएं थीं कि भारत सरकार पाकिस्तानी नागरिकों को वीज़ा देने से इनकार कर सकती है, जिससे एशिया कप हॉकी 2025 में पाकिस्तान की भागीदारी पर सवाल उठने लगे थे। हॉकी इंडिया के अधिकारियों ने भी साफ किया था कि वे सरकार के फैसले के अनुसार ही कार्रवाई करेंगे और पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अब यह साफ होता जा रहा है कि भारत सरकार ने बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के संदर्भ में खेल को राजनीति से अलग रखने का फैसला किया है।
पाकिस्तान की चुप्पी
पाकिस्तान हॉकी बोर्ड ने अब तक एशिया कप हॉकी 2025 में भागीदारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, उसने टूर्नामेंट से खुद को अलग भी नहीं किया है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि पाकिस्तान की टीम भारत में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए तैयार है।
आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तान को टूर्नामेंट में खेलने की मंजूरी!
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान जाने के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाकर पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों को तबाह कर दिया था। इसके बाद भारत ने सीजफायर की घोषणा भी की।
2016 में ठुकराया था भारत दौरा
2016 में पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत में जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ था, लेकिन तब पाकिस्तान की टीम ने भारत आने से इनकार कर दिया था। उस समय पाकिस्तान की जगह मलेशिया को शामिल कर टूर्नामेंट कराया गया था।
अब एक बार फिर जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप भारत में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में खेला जाना है। दोनों देशों के बीच जारी तनाव को देखते हुए पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर संदेह बना हुआ था। खेल मंत्रालय की ओर से कोई आपत्ति नहीं होने के कारण अब माना जा रहा है कि पाकिस्तान की टीम इस बार टूर्नामेंट में हिस्सा लेने भारत आ सकती है।
आतंकी हरकतों के बीच पाकिस्तान से खेल संबंध पर सवाल
पाकिस्तान अब आतंकवाद फैलाने वाला देश बन चुका है। ऐसे में ये सवाल उठना बिल्कुल सही है कि क्या ऐसे देश को अंतरराष्ट्रीय खेलों में बराबरी से शामिल करना ठीक है? एशिया कप हॉकी 2025 में पाकिस्तान की मौजूदगी को लेकर देश में चिंता और गुस्सा है। एक तरफ पाकिस्तान भारत में आतंकी हमलों के जरिए लोगों को मार रहा है। वहीं दूसरी तरफ हम उसे खेलों में दोस्ती के साथ शामिल कर रहे हैं। क्या ये उन शहीदों और मासूमों के साथ इंसाफ है जिन्होंने अपनी जान गंवाई?