SwadeshSwadesh

पत्नी साक्षी ने इस अंदाज में दी धोनी को जन्मदिन की बधाई

Update: 2020-07-07 07:49 GMT

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। धोनी भले ही सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन उनकी पत्नी साक्षी धोनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। साक्षी ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए धोनी को बहुत अलग अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है। धोनी मार्च के बाद से रांची में ही हैं और परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। उन्होंने पिछले साल जुलाई के बाद से कोई क्रिकेट मैच नहीं खेला है।

2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मैच के बाद धोनी ने एक भी क्रिकेट मैच नहीं खेला है। इसके बाद से ही वो क्रिकेट से ब्रेक पर हैं। धोनी को इस साल आईपीएल के साथ क्रिकेट के मैदान पर वापसी करनी थी, लेकिन कोविड-19 महामारी (कोरोना वायरस संक्रमण) के चलते आईपीएल अभी तक शुरू नहीं हो सका है। आईपीएल इस साल 29 मार्च से खेला जाना था। साक्षी ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, 'एक साल और बड़े, कुछ ज्यादा सफेद बाल, पहले से स्मार्ट और पहले से स्वीट। आप ऐसे इंसान हैं जो स्वीट विश और गिफ्ट्स से ज्यादा प्रभावित नहीं होते। चलिए आपकी जिंदगी के एक और साल का जश्न मनाते हैं केक काटते हुए और मोमबत्ती बुझाते हुए। हैप्पी बर्थडे पति।'

धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को हुआ था। उन्होंने 2004 में इंटरनैशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद धोनी 2007 में टीम इंडिया के कप्तान बनाए गए। धोनी की कप्तानी में भारत ने तीन आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी भारत ने धोनी की ही कप्तानी में जीते हैं।

Tags:    

Similar News