Brian Bennett Century: इंग्लैंड पर टूटा 21 साल के जिम्बाब्वे खिलाड़ी का कहर, 25 साल बाद बना ऐतिहासिक शतक

Update: 2025-05-23 15:47 GMT

Brian Bennett Century

Brian Bennett smashed Zimbabwe fastest ever Test century: जिम्बाब्वे के युवा ओपनर ब्रायन बेनेट ने इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 97 गेंदों में शतक ठोकते हुए न सिर्फ टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, बल्कि इतिहास के पन्नों में भी अपना नाम दर्ज करा लिया। ब्रायन बैनेट अब जिम्बाब्वे के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उनके इस प्रदर्शन के साथ कई रिकॉर्ड भी टूटे हैं। आइए जानते हैं कौन हैं ब्रायन बेनेट (Brian Bennett) और उनकी ऐतिहासिक पारी से जुड़ी खास बातें।

25 साल बाद इंग्लैंड में जिम्बाब्वे को मिला टेस्ट हीरो

ब्रायन बेनेट ने इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में इतिहास रचते हुए वो कर दिखाया जो पिछले 25 सालों में कोई जिम्बाब्वे खिलाड़ी नहीं कर सका था। वह इंग्लैंड में टेस्ट शतक लगाने वाले जिम्बाब्वे के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले यह कारनामा साल 2000 में मर्रे गुडविन ने किया था। बेनेट की शानदार पारी में एक और रिकॉर्ड जुड़ गया। वे टेस्ट शतक लगाने वाले जिम्बाब्वे के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा शतक है। गौरतलब है कि जिम्बाब्वे के सिर्फ तीन बल्लेबाज ही अब तक इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट शतक लगा पाए हैं। 1996 में एंडी फ्लावर, 2000 में मर्रे गुडविन और अब 2025 में ब्रायन बेनेट ने यह उपलब्धि हासिल की है।


आखिर कौन हैं ब्रायन बेनेट (Brian Bennett)

ब्रायन बेनेट जिम्बाब्वे क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली और उभरते हुए चेहरों में से एक हैं, जो तीनों फॉर्मेट में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली के लिए पहचाने जाने वाले बेनेट ने 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाए थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट के 6 मैचों में 273 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल थे और उनका औसत 45.50 रहा।

ब्रायन का जन्म 10 नवंबर 2003 को जिम्बाब्वे की राजधानी हरारे में हुआ था। दिलचस्प बात यह है कि उनका एक जुड़वां भाई डेविड बेनेट भी है, जो खुद एक क्रिकेटर है। दोनों भाइयों ने 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में एक साथ जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व किया था। मार्च 2024 में उन्होंने मिलकर जिम्बाब्वे इमर्जिंग टीम की ओर से 2023 अफ्रीकी खेलों में स्वर्ण पदक भी जीता, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि बेनेट बंधु जिम्बाब्वे क्रिकेट का भविष्य हैं।

Tags:    

Similar News