केंद्रीय कृषि मंत्री का जम्‍मू - कश्‍मीर दौरा: जम्मू-कश्मीर के किसानों से मुलाकात करेंगे शिवराज सिंह...

Update: 2025-07-02 13:57 GMT

नई दिल्ली। देश भर के किसानों के साथ लगातार मुलाकात कर रहे केंद्रीय कृषि कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान अगले दो दिन में जम्मू-कश्मीर में किसानों से मुलाकात करेंगे और वहां कृषि की स्थिति को भी देखेंगे। वो एक ओर बड़ी संख्या में किसानों से मिलेंगे तो दूसरी ओर राज्य स्थित शेर ए कश्मीर कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

3 जुलाई को सुबह शिवराज सिंह चौहान श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर में प्राकृतिक खेती एवं राष्ट्रीय तिलहन मिशन पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की सलाहकार समिति सलाहकार समिति की बैठक में भाग लेंगे। शाम को जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ राजभवन में शिष्टाचार भेंट करेंगे।

यात्रा के दूसरे दिन 4 जुलाई को शिवराज सिंह चौहान शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST-K), श्रीनगर के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम SKUAST-K के शालीमार कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला एवं SKUAST-K के प्रो चांसलर भी उपस्थित रहेंगे।

इस दीक्षांत समारोह में 5,250 छात्रों को स्नातक, परास्नातक एवं पीएचडी की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा, 150 स्वर्ण पदक एवं 445 मेरिट प्रमाण पत्र मेधावी छात्रों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रदान किए जाएंगे।

दीक्षांत समारोह के उपरांत शिवराज सिंह SKUAST परिसर में केसर और सेब बागानों को देखेंगे और वहां के बागवानी वैज्ञानिकों व किसानों से बातचीत करेंगे। इसके उपरांत केंद्रीय कृषि मंत्री खोनमोह गांव में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण समृद्धि की प्रतीक ‘लखपति दीदियों’ के साथ संवाद करेंगे।

शिवराज सिंह का यह दौरा जम्मू-कश्मीर में स्थायी कृषि, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के दौरान शिवराज सिंह ने जम्मू का दौरा कर किसानों से संवाद किया था। अभियान के अनुभवों को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान लगातार विभिन्न राज्यों और गाँवों में जाकर किसानों से सीधी बातचीत कर रहे हैं। 

Tags:    

Similar News