'भारत को कोई संकट छू नहीं सकता , उसके पास एक कवच है', मुकेश अंबानी ने खुले मंच पर बताया नाम
वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन में उद्योगपति मुकेश अंबानी ने कहा मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक चुनौतियों से अडिग हैं।
अहमदाबादः गुजरात के राजकोट जिले में कच्छ और सौराष्ट्र के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्क्लेव (VGRC) आयोजित। इसमें देश के सबसे बड़े बिजनेसमैन मुकेश अंबानी भी पहुंचे हुए थे। रविवार के दिन आयोजित हुए इस आयोजन को संबोधित करते हुए उन्होंने बड़ा बयान दिया।
दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता और भू-राजनीतिक स्थिति से उत्पन्न चुनौतियों के बीच भारत अडिग है। उन्होंने कहा कि ‘नरेन्द्र मोदी नाम की अजेय सुरक्षा दीवार’ के कारण ये चुनौतियां देश को प्रभावित नहीं कर सकती।
पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन
राजकोट के कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए आयोजित वीजीआरसी का दोपहर के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। वहीं, मुकेश अंबानी ने संबोधित करते हुए इस बात पर जोर देकर कहा कि दुनिया को पता चलना चाहिए कि पीएम के नेतृत्व में यह भारत का निर्णायक दशक है।
पीएम मोदी को लेकर दिया बड़ा बयान
बिजनेसमैन अंबानी ने कहा कि दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। वैश्विक राजनीतिक परिस्थितियां नई चुनौतियां और अनपेक्षित उतार-चढ़ाव ला रही हैं। लेकिन, भारत के लिए सबसे बड़ी सुरक्षा यह है कि ये चुनौतियां हमारे लोगों को नहीं छू सकतीं या परेशान नहीं कर सकतीं, क्योंकि भारत के पास नरेन्द्र मोदी नाम की अजेय सुरक्षा दीवार है।
भविष्य की तैयारी को दे रहा साकार रूप
अंबानी ने यह भी कहा कि देश केवल भविष्य के लिए तैयारी नहीं कर रहा, बल्कि उसे सक्रिय रूप से आकार दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सौराष्ट्र और कच्छ से हम उद्योग जगत के लोग खुश हैं कि हम उस विकास और दिशा में भाग ले रहे हैं, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने हम सभी के लिए दिखाया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रिलायंस समूह गुजरात प्रदेश को भारत का एआई (Artificial Intelligence) केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
गुजरात में बढ़ाएंगी अपना इन्वेस्टमेंट
उद्योगपति अंबानी के अनुसार, समूह की कंपनियां अगले पांच वर्षों में राज्य में अपना निवेश 3.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर सात लाख करोड़ रुपये कर देंगी। रिलायंस गुजरात को भारत का एआई अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जामनगर में हम भारत का सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर बना रहे जिसका उद्देश्य हर भारतीय के लिए किफायती एआई उपलब्ध कराना है।
रिलायंस है बड़ा इन्वेस्टर्स
अंबानी ने कहा, 'रिलायंस पहले से ही गुजरात का सबसे बड़ा निवेशक है। पिछले पांच वर्षों में हमने 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हम अगले पांच वर्षों में इसे दोगुना करके सात लाख करोड़ रुपये कर देंगे, जिससे हर गुजराती और हर भारतीय के लिए रोजगार, आजीविका और अधिक ‘संपत्ति’ (समृद्धि) का सृजन होगा।'
दोगुनी होगी मुंद्रा बंदरगाह की क्षमता
इसके अलावा अदाणी पोर्ट के प्रबंध निदेशक करण अदाणी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्ष में कच्छ क्षेत्र में 1.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। उन्होंने बताया कि अदाणी समूह का 37 गीगावाट का खवड़ा प्रोजेक्ट वर्ष 2030 तक पूरा होगा। इसके अलावा समूह मुंद्रा बंदरगाह की क्षमता को भी अगले दस साल में दोगुना करेगा।
अदाणी ने कहा कि कहा कि भले ही दुनिया इस समय अस्थिरता के दौर से गुजर रही हो, लेकिन भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।