NEET Result Out: उत्कर्ष अवधिया ने बढ़ाया मध्यप्रदेश का मान, देशभर में हासिल की दूसरी रैंक
उत्कर्ष अवधिया
NEET UG Result 2025 Out: देशभर के मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। नीट यूजी परीक्षा 2025 का परिणाम आखिरकार जारी कर दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 14 जून को NEET UG 2025 का रिजल्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर अपलोड किया है। परीक्षार्थी अपना स्कोरकार्ड examinationservices.nic.in लिंक के माध्यम से भी चेक कर सकते हैं।
इस साल इंदौर के उत्कर्ष अवधिया ने NEET UG 2025 परीक्षा में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश में दूसरी रैंक हासिल कर मिसाल कायम की है। उत्कर्ष अवधिया ने NEET UG 2025 परीक्षा में 720 में से 682 अंक हासिल किए हैं। उत्कर्ष की इस उपलब्धि ने मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने लाखों मेडिकल उम्मीदवारों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी पेश किया है।
उत्कर्ष अवधिया ने बढ़ाया इंदौर का मान
उत्कर्ष अवधिया की यह शानदार सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का प्रमाण है। उन्होंने हर दिन 10 से 12 घंटे पढ़ाई की और मॉक टेस्ट और टाइम मैनेजमेंट को अपनी तैयारी का अहम हिस्सा बनाया। उनके इस सफ़र में उनके परिवार का सहयोग और उनके शिक्षकों का मार्गदर्शन भी बहुत अहम रहा, जिसने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचने के लिए एक मज़बूत आधार प्रदान किया।
NEET UG 2025 टॉप 10 में शामिल हुए देशभर के होनहार
- रैंक 1: महेश कुमार (राजस्थान) – 99.9999547 पर्सेंटाइल
- रैंक 2: उत्कर्ष अवधिया (मध्यप्रदेश) – 99.9999095 पर्सेंटाइल
- रैंक 3: कृषंग जोशी (महाराष्ट्र) – 99.9998189 पर्सेंटाइल
- रैंक 4: मृणाल किशोर झा (दिल्ली) – 99.9998189 पर्सेंटाइल
- रैंक 5: अविका अग्रवाल (दिल्ली) – 99.9996832 पर्सेंटाइल
- रैंक 6: जेनिल विनोदभाई भयानी (गुजरात) – 99.9996832 पर्सेंटाइल
- रैंक 7: केशव मित्तल (पंजाब) – 99.9996832 पर्सेंटाइल
- रैंक 8: झा भव्य चिराग (गुजरात) – 99.9996379 पर्सेंटाइल
- रैंक 9: हर्ष केदावत (दिल्ली) – 99.9995474 पर्सेंटाइल
- रैंक 10: आरव अग्रवाल (महाराष्ट्र) – 99.9995474 पर्सेंटाइल
न्यायिक आदेश के बाद जारी हुआ रिजल्ट
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच के आदेश के बाद NEET UG 2025 का रिजल्ट आंशिक रूप से घोषित किया गया। कोर्ट ने याचिका दायर करने वाले 75 उम्मीदवारों को फिलहाल परिणाम प्रक्रिया से बाहर रखते हुए शेष सभी छात्रों के नतीजे जारी करने के निर्देश दिए थे। इस बीच इंदौर के उत्कर्ष अवधिया ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर न केवल अपने शहर बल्कि पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है।