मानसून सत्र की खबर के साथ ही सिंधिया के केंद्रीय मंत्री बनने की अटकलें बढ़ी

मानसून सत्र से पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम पर लग सकती है मुहर

Update: 2021-06-30 12:09 GMT

नईदिल्ली। संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है। आज बुधवार को होने वाली इस बैठक में कोरोना, टीकाकरण, सुरक्षा आदि मुद्दों के साथ मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा हो सकती है।  

मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों की मानें तो आज हो रहीं इस बैठक में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल की संभावित सूची में शामिल नेताओं के नाम फाइनल हो सकते है। संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू और 13 अगस्त तक समाप्त होने की संभावना है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों का बाजार गरम है।  

संभावित सूची में कई नाम शामिल - 

पिछले कई दिनों से केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं की सूची मीडिया में चल रही है।  जिसमें सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, असम के पूर्व सीएम सर्वानंद सोनोवाल, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी, वरुण गांधी आदि के नाम शामिल है। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में इन राज्यों से कई बड़े चेहरों के शामिल होने की संभावना है।

लोजपा के घमासान पर नजर - 

बता दें की कुछ मंत्रियों के इस्तीफे और निधन के कारण कई मंत्रियों पर एक से अधिक विभागों का प्रभार हैं। मार्च 2020 में कोरोना काल शुरू होने से पहले से ही केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा चल रहीं है लेकिन पहले लॉकडाउन, फिर राज्यों में चुनाव और उसके बाद दूसरी लहर के कारण यह लगातार टलता चला जा रहा है। अब कोरोना की दूसरी लहर के नियंत्रण में आने के बाद एक बार फिर कयास शुरू हो गए हैं।  हालांकि कुछ सूत्र इसमें अभी और देरी की संभावना जता रहें है, जिसका मुख्य कारण बिहार में लोजपा के अंदर चल रहा घमासान है।  बताया जा रहा है की भाजपा 5 जुलाई को चिराग की होने वाली रैली पर नजर बनाएं हुए है।  इसके बाद लोजपा से चाचा या भतीजा किसी एक के नाम पर मुहर लग सकती है।  


Tags:    

Similar News