एयर टर्बुलेंस में फंसी रायपुर-दिल्ली फ्लाइट: यात्रियों में मचा हड़कंप, फ्लाइट ने हवा में घंटे भर लगाया चक्कर...

आंधी-तूफान के चलते दिल्ली में इंडिगो एयरलाइंस की रायपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट एयर टर्बुलेंस में फंस गई।

Update: 2025-06-02 16:51 GMT

रायपुर। इंडिगो एयरलाइंस की रायपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट आंधी-तूफान के चलते दिल्ली में एयर टर्बुलेंस में फंस गई। बताया जा रहा है कि करीब घंटे भर आसमान में चक्कर लगाने के बाद इस फ्लाइट को सुरक्षित ढंग से दिल्ली विमानतल में लैंड कराया गया। 

विमानन सूत्रों के अनुसार रविवार को इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट रायपुर विमानतल से करीब दोपहर तीन बजे रवाना हुई। उसे शाम पांच बजे लैंड करना था,लेकिन दिल्ली विमानतल में लैंडिंग के वक्त धूल भरी आंधी चलने लगी। इससे फ्लाइट भी हिचकोले खाने लगी और अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में हड़कंप मच गया था। इसे देखते हुए फ्लाइट के क्रू मेंबर ने वस्तुस्थिति की जानकारी दी। वहीं एटीसी के निर्देश पर तुरंत फ्लाइट को उंचाई पर ले जाया गया। साथ ही आसमान में कई चक्कर लगाने के बाद हवा की रफ्तार कम होने पर शाम छह बजे सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया।

यह होता टर्बुलेंस

विमान में टर्बुलेंस या हलचल का मतलब हवा के उस बहाव में बाधा पहुंचना, जो विमान को उडऩे में मदद करती है। ऐसा होने पर विमान हिलने लगता है और अनियमित वर्टिकल मोशन में चला जाता है यानी अपने नियमित रास्ते से हट जाता है। कई बार टर्बुलेंस से अचानक ही विमान ऊंचाई से कुछ फीट नीचे आने लगता है। इस वजह से यात्रियों को लगता है कि विमान गिरने वाला है। बता दें कि टर्बुलेंस में फ्लाइट का उड़ान भरना कुछ हद तक उबड़-खाबड़ सड़क पर कार चलाने जैसा होता है। किसी भी प्लेन को स्थिर तौर पर उडऩे के लिए जरूरी है कि इसके विंग के ऊपर और नीचे से बहने वाली हवा नियमित हो।

Tags:    

Similar News