टूलकिट मामले में दिशा के बाद दो लोगों के खिलाफ वारंट जारी, विपक्ष ने शुरू किया विरोध

Update: 2021-02-15 07:37 GMT

नईदिल्ली। किसान आंदोलन से जुड़ी टूलकिट सोशल मीडिया पर शेयर करने के मामले में पर्यावरण एक्टिविस्ट दिशा रवि को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया।  इसी मामले में पुलिस ने दिशा के करीबी निकिता जैकब और शांतनु के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है। पुलिस ने दोनों को फरार घोषित कर दिया है।  दोनों की तलाश चल रही है।  लोकेशन मिलते ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। 

बता दें कि पिछले दिनों ग्रेटा थनबर्ग ने किसान आंदोलन से जुड़ी एक टूलकिट ट्वीटर पर शेयर की थी।  हालांकि बाद में ग्रेटा ने ये ट्वीट डिलीट कर दिया था। दिशा रवि की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष और किसानों ने विरोध शुरू कर दिया है।  कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि लगता है कि सरकार अब एक निहत्थी लड़की से डर गई है तो कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारत को चुप नहीं कराया जा सकता।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जलवायु कार्यकर्ता की टूलकिट मामले में हुई गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा है कि भारत को चुप नहीं कराया जा सकता है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर लिखा, 'बोल की लब आजाद हैं तेरे, बोल की सच जिंदा है अब तक। वो डरे हैं, देश नहीं। भारत को चुप नहीं कराया जा सकता।' कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट में लिखा, 'डरते हैं बंदूकों वाले एक निहत्थी लड़की से, फैले हैं हिम्मत के उजाले एक निहत्थी लड़की से।' उन्होंने दिशा रवि की रिहाई की मांग भी की है।


Tags:    

Similar News