SwadeshSwadesh

जोशी का टिकट कटा, आपस में बदली मां-बेटे की सीट

Update: 2019-03-26 17:01 GMT

नई दिल्ली/स्व.स.से.। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की गई है। इस सूची में वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी का नाम नहीं है। सूची में उप्र सरकार की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया समेत कई प्रमुख उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं। वहीं भाजपा ने पूर्व एसपी नेता और अभिनेत्री जयाप्रदा को आजम खान के खिलाफ रामपुर की सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी की इस सूची में उप्र और पश्चिम बंगाल के कुल 39 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। मंगलवार शाम भाजपा कार्यालय में इस सूची को जारी करते हुए पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी इस बार पीलीभीत के स्थान पर सुलतानपुर की सीट से चुनाव लड़ेंगी। सुलतानपुर से मेनका के बेटे वरुण गांधी सांसद हैं। इसके अलावा केंद्रीय संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा को एक बार फिर गाजीपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। सूची में चंदौली सीट पर उत्तर प्रदेश भाजपा महेंद्र नाथ पांडेय को चंदौली, वरुण गांधी को पीलीभीत, मेनका गांधी को सुलतानपुर, इटावा से रामशंकर कठेरिया, कौशांबी से विनोद सोनकर, रामपुर से जयाप्रदा को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा बस्ती लोकसभा सीट से हरीशचंद्र द्विवेदी, कानपुर सीट से सत्यदेव पचौरी को टिकट दिया गया है। इसके साथ ही कुशीनगर की सीट से विजय दुबे, बांसगाव सीट से कमलेश पासवान, सलेमपुर से रवींद्र कुशवाहा, डुमरियागंज से जगदंबिका पाल, गोंडा के कीर्तिवर्धन सिंह, श्रावस्ती से ददन मिश्रा, बहराइच से अक्षयवर लाल गौर, बाराबंकी से उपेंद्र रावत, कन्नौज से सुब्रत पाठक, धौरहरा से रेखा वर्मा, फर्रुखाबाद से मुकेश राजपूत को टिकट दिए गए हैं।

कई सांसदों की सीट बदली

भाजपा ने उप्र की भदोही लोकसभा सीट से वर्तमान में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त को इस बार बलिया सीट से दावेदार बनाया है, वहीं आगरा के सांसद रामशंकर कठेरिया अब इटावा सीट से प्रत्याशी बनाए गए हैं। वर्तमान में सुलतानपुर के सांसद वरुण गांधी अब अपनी मां मेनका गांधी की सीट पीलीभीत से चुनाव लड़ेंगे, वहीं मेनका वरुण की सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। बहराइच सीट से वर्तमान सांसद सावित्री बाई फुले की बगावत के बाद अब यहां अक्षयवर लाल गौर को भाजपा से टिकट मिला है।

पश्चिम बंगाल में 10 प्रत्याशी घोषित

भाजपा ने अपनी ताजा सूची में पश्चिम बंगाल के लिए 10 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। जिन चेहरों पर राज्य में भाजपा ने भरोसा जताया है उनमें मुर्शिदाबाद से हूमायूं कबीर, रानाघाट सुरक्षित सीट से डॉ. मुकुट मनी अधिकारी, बानगांग सुरक्षित सीट से शांतनु ठाकुर, डायमंड हार्बर सीट से निलंजर रॉय, हावड़ा से रांतिदेव सेनगुप्ता, उलुबेरिया से जॉय बनर्जी पर पार्टी ने भरोसा जताया है। वहीं कांठी से देबाशीष सामंत, बांकुरा से डॉ.सुभाष सरकरास, बोलपुर सुरक्षित सीट से राम प्रसाद दास भाजपा के उम्मीदवार होंगे।


Similar News