तबाही का नाम कांग्रेस है, इसे नहीं आने दीजिए : योगी आदित्यनाथ

Update: 2019-03-25 17:17 GMT

मथुरा/ब्यूरो। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि देश में तबाही का नाम कांग्रेस है और इस तबाही को मत आने दीजिए। राहुल गांधी किसानों से कहते हैं कि खेत में टाइल्स लगा देंगे। कांग्रेस हमारे अन्नदाता को तबाह करने में जुटी है। कांग्रेस आतंकवादियों को संरक्षण देती है, आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती है, लेकिन भाजपा सरकार आतंकवादियों को बिरयानी नहीं बल्कि गोली खिलाती है। वे गोली चलाते हैं तो यहां से गोला भी दागा जाता है। ये कार्य सिर्फ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं। मथुरा में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मथुरा के विकास के लिए पांच साल में आपकी सांसद हेमा मालिनी 250 बार यहां की यात्रा कर चुकी हैं। और लगातार कई बार से सांसद चुने जा चुके राहुल और सोनिया गांधी भी 250 बार अमेठी और रायबरेली नहीं गए होंगे। हेमा मालिनी यहां सेवा कर के खुद को धन्य मानती हैं। इससे पहले सांसद हेमा मालिनी ने मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचीं। पूजा-अर्चना एवं नामांकन दाखिल करते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ थे। मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, सपा-बसपा की सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी। उत्तर प्रदेश में दंगे, अराजकता, गुंडागर्दी का बोलबाला था। व्यापारियों से सपा-बसपा सरकार में गुंडा टैक्स वसूला जाता था। लेकिन केंद्र के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद हमने तीन संकल्प लिए। पहला लघु सीमांत किसानों का एक लाख रुपए का कर्ज माफी, दूसरा अवैध बूचड़ खाने को बंद करना और तीसरा संकल्प प्रदेश में बहन और बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो का गठन करना। जिसे सफलतापूर्वक किया। इसका नतीजा यह है कि उत्तर प्रदेश में गुंडे या तो जेल के अंदर हैं या फिर वे नाम सत्य है की यात्रा पर निकल चुके हैं।

सपा-बसपा के पापों से ही यमुना में गंदगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये वही लोग हैं जो आपको बिजली नहीं देते थे। मथुरा-वृन्दावन का नाम सुनकर इन्हें करंट लगता था।अखिलेश ने कहा था कि सैफई में दुर्योधन की मूर्ति लगाएंगे। मायावती को तो अपनी मूर्ति लगाने से फुर्सत नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा का गठबंधन जीरो में सिमटेगा। क्योंकि ये लोग प्रदेश को फुटबाल बनाना चाहते थे आज इसे फुटबाल जैसा ही नंबर दे दीजिए। उन्होंने कहा जैसे गंगा जी के लिए कार्य हुआ है वैसे ही यमुना मैया के लिए कार्य होगा। कांग्रेस और सपा-बसपा का पाप ही यमुना मैया की गंदगी है इसे नरेंद्र मोदी की सरकार दूर करेगी।

Similar News