SwadeshSwadesh

मप्र में संडे लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू के बावजूद बढ़ रही मरीजों की संख्या, 24 घंटे में 2700 से अधिक

13 जिलों में कल रहेगा लॉकडाउन

Update: 2021-04-03 08:17 GMT

भोपाल।  देश के अन्य राज्यों के साथ प्रदेश में भी संक्रमण की दर में लगातार वृद्धि जारी है। प्रदेश के चार बडे़ महानगरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में स्थिति ज्यादा खराब होती जा रही है। यहां संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन द्वारा संडे लॉकडाउन एवं नाइट कर्फ्यू लगाया जा रहा है।  बीते 24 घंटों में सर्वाधिक नए मरीज इंदौर में मिले है।  इंदौर में 708 और भोपाल में 502 नए केस सामने आए हैं। 

वहीँ जबलपुर में पहली बार इस साल आंकड़ा 200 के पर पहुंच गया। दूसरी ओर ग्वालियर में लगातार तीसरे दिन 100 से अधिक मरीज सामने आए है।  कल शुक्रवार को 120 नए मरीज मिले है।समूचे मप्र में बीते 24 घंटों में कोरोना के 2777 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 16 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या तीन लाख और मृतकों की संख्या चार हजार के पार पहुंच गई है। यहां संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख 834 और मृतकों की संख्या 4014 हो गई है। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार देर शाम जारी कोरोना से संबंधित हेल्थ बुलेटिन में दी गई। राज्य में पहली बार नये संक्रमितों का आंकड़ा 2700 के पार पहुंचा है। इससे पहले 24 सितम्बर 2020 को यहां एक दिन में सर्वाधिक 2607 नये मामले सामने आए थे। वहीं, एक दिन पहले गुरुवार को यहां 2546 नये संक्रमित मिले थे।  

13 जिलों में संडे लॉकडाउन - 

प्रदेश में संक्रमण की रफ़्तार को रोकने के लिए 13 जिलों में प्रत्येकसंडे लॉकडाउन लगाया जा रहा है।  वहीं कई जिलों में नाइट कर्फ्यू घोषित है।  इसके बावजूद संक्रमण की दर में वृद्धि थम नहीं रही है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, रतलाम, खरगोन, उज्जैन, ग्वालियर, नरसिंहपुर, रीवा के साथ छिंदवाड़ा जिले के सौंसर के साथ इस बार नीमच में भी लॉकडाउन रहेगा। 

Tags:    

Similar News