SwadeshSwadesh

इंदौर छठवीं बार बना देश का सबसे स्वच्छ शहर, मप्र को मिला सबसे स्वच्छ राज्य का खिताब

Update: 2022-10-01 12:54 GMT

इंदौर।  स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के नतीजों में एक बार फिर मध्य प्रदेश का डंका बजा। इंदौर एक बार फिर देश का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया। इंदौर ने यह उपलब्धि लगातार छठवीं बार हासिल की है। राजस्थान-महाराष्ट्र को पछाड़कर मध्यप्रदेश देश का सबसे स्वच्छ राज्य बन गया है। इसके साथ ही भोपाल को गार्बेज फ्री सिटी के रूप में देशभर में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। 

देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में शनिवार को केन्द्र सरकार द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 के नतीजों की घोषणा की गई। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छता के राष्ट्रीय पुरस्कार वितरित किए। इंदौर एक लाख की आबादी वाले शहरों में देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया। राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार इंदौर सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल ने प्राप्त किया। 

मप्र नंबर-1 राज्य बन गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह पुरस्कार प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह ने प्राप्त किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और कौशल किशोर भी मौजूद रहे।मध्य प्रदेश को 100 शहरे वाले राज्यों में देश का सबसे स्वच्छ राज्य घोषित किया गया। पिछले सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश की रैंकिंग तीन थी। पहला और दूसरा स्थान राजस्थान और महाराष्ट्र को मिला था। इसका कारण पिछले साल 2021 में सिटिजन फीडबैक यानी जनता की सक्रिय भागीदारी में मध्य प्रदेश का पिछड़ना था लेकिन इस बार सिटिजन फीडबैक में प्रदेश ने सबसे बेहतर काम किया है। परिणाम स्वरूप मप्र नंबर-1 राज्य बन गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह पुरस्कार प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह ने प्राप्त किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और कौशल किशोर भी मौजूद रहे। 

मुख्यमंत्री ने दी बधाई 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार छठवीं बार देश के सबसे स्वच्छ शहर बनने पर इंदौर की जनता को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया है- बधाइयां! शुभकामनाएं! अभिनंदन! गर्व है मुझे स्वच्छता के शिखर पर सुशोभित इंदौर पर, गर्व है मुझे इंदौर की जनता पर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव प्राप्त करने पर देवतुल्य जनता, समस्त जनप्रतिनिधियों एवं टीम एमपी के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई। उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा है-मार्गे स्वच्छता विराजते, ग्रामे सुजना: विराजते। स्वच्छता हमारा संकल्प, हमारी जीवनशैली और हमारा आग्रह है। इंदौर में स्वच्छता के नए मानक स्थापित कर आज देश में अपना गौरवपूर्ण अनुपम स्थान बनाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में 100 से अधिक शहरों वाले राज्यों की श्रेणी में सबसे स्वच्छ राज्य बनने का गौरव हासिल करने पर मध्यप्रदेश की जनता का हार्दिक अभिनंदन। बारंबार आभार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का, जिन्होंने स्वच्छता के संकल्प पर हमेशा हमारा मार्गदर्शन किया।

Tags:    

Similar News