SwadeshSwadesh

अटलजी के सम्मान में ब्रिटिश उच्चायोग ने अपना झंडा और यूनियन जैक आधा झुकाया

Update: 2018-08-17 08:05 GMT

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर उन्हें सम्मान देते हुए नई दिल्ली स्थित ब्रिटिश उच्चायोग ने अपना राष्ट्रीय ध्वज यूनियन जैक आधा झुका दिया। भारत में राष्ट्रीय शोक होने पर ही तिरंगा आधा झुकाया जाता है। ब्रिटिश सरकार ने अटलजी को यूके के राष्ट्रीय शोक का दर्जा दिया है।

ब्रिटिश सरकार ने पूर्व प्रधा अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक जताया है। यूके सरकार ने उन्हें भारत के महानतम नेताओं में से एक माना है। अपने शोक संदेश में ब्रिटिश सरकार ने कहा कि वाजपेयी को यूके में श्रेष्ठ राजनेता के रूप में सम्मान दिया जाता था। एशिया-प्रशांत क्षेत्र के ब्रिटिश विदेश मंत्री मार्क फिल्ड ने अपने शोक संदेश में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत के महान नेताओं में से थे। हम उनके निधन से दुखी हैं। वो यूनाइटेड किंगडम के हमेशा से करीबी सहयोगी रहें हैं। जो अटल जी की साल 2001 में यूके यात्रा के गवाह हैं, वो जानते हैं कि यूके में उनका कितना सम्मान रहा है।

वाजपेयी के निधन पर जारी अपने शोक संदेश में भारत में यूके के उच्चायुक्त डोमोनिक एस्थक्विथ ने कहा कि हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर दुखी हैं। हम उन्हें भारत के महानतम नेताओं में से एक के रूप में याद करेंगे। वाजपेयी को ब्रिटेन में राजनेता के रूप में उनकी उत्कृष्टता के लिए हमेशा सम्मानित किया जाता रहा।

पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर पूरी दुनिया शोकमग्न है। अटल जी के निधन पर पूरी दुनिया के देशों के राष्ट्र प्रमुखों ने शोक जताया और शोक संदेश जारी किए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को अंतिम विदाई देने कई देशों की सरकारोंं के प्रतिनिधि दिल्ली पहुंच रहे हैं। अभी तक पड़ोसी देशों की सरकारों के प्रतिनिधि नई दिल्ली पहुंच गए हैं। पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल के विदेश मंत्री अटलजी को अपनी सरकारों की ओर से अंतिम विदाई देंगे। वहीं पड़ोसी देश भूटान के राजा खुद अटलजी के अंतिम दर्शन के लिए आए हैैं। इसके अलावा, नई दिल्ली स्थित सभी देशों के राजदूत अटलजी के अंतिम संस्कार में मौजूद रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/निमिष/आकाश

Similar News