पति-पत्नी किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे तो दोनों के नाम कटेंगे: केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने दिए अगली किस्त से पहले पोर्टल से नाम हटाने के निर्देश...
केंद्रीय कृषि मंत्रालय के एक पत्र से मप्र में कई किसानों के नाम 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से बाहर हो सकते हैं। कृषि मंत्रालय ने कहा है कि ऐसे किसानों की छंटनी की जाए जो पति-पत्नी हैं और दोनों ही किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं। ऐसे पति-पत्नी किसानों के नाम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त आने से पहले पोर्टल से हटाए जाएं। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के मंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं।
मध्य प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में एक ही परिवार के पति और पत्नी दोनों इस योजना का लाभ ले रहे हैं। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के पत्र के आधार पर आयुक्त भू-अभिलेख ने सभी जिलाधीशों को पत्र लिखकर योजना का लाभ ले रहे पति, पत्नी का पोर्टल से नाम अपात्र करने को कहा है। बताया गया कि पीएम किसान सम्मान निधि की अगली किश्त जून के पहले सप्ताह में आने की संभावना है। इससे पहले पोर्टल से अपात्र घोषित किए जाएं। जब तक जांच पूरी नहीं होती और अधिक ली गई राशि का समायोजन नहीं हो जाता, तब तक ऐसे परिवारों को अगली किस्त नहीं दी जाएगी। यानी जो राशि ली गई है, उसे वापस भी देना पड़ेगा। हालांकि मप्र में इसको लेकर कई बार स्क्रूटनी हो चुकी है। राज्य कृषि मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया गया कि वैसे तो किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले पति-पत्नी दोनों नहीं है। लेकिन जो महिलाएं अपनी पैतृक संपत्ति की इकलौती वारिश हैं, ऐसी महिलाएं जरूर किसान सम्मान निधि की पात्र हैं।