Madhya Pradesh : मुख्यमंत्री शिवराज की बड़ी घोषणा, लाडली बहना योजना में हर महीने 3000 रुपये तक दिए जाएंगे

मुख्यमंत्री शिवराज ने 1.25 लाख हितग्राहियों के खाते में डाले एक हजार रुपये, कहा- ये तो अभी शुरुआत है

Update: 2023-06-10 14:35 GMT

जबलपुर/सिटी रिपोर्टर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने लाडली बहना योजना को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि लाडली बहनों को तीन हजार रुपये तक दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शुरुआत एक हजार रुपए से कर रहे हैं। जैसे-जैसे पैसों की व्यवस्था होती जाएगी, 250-250 रुपये बढ़ाते जाएंगे। बहनों के साथ बुजुर्ग पेंशन भी एक हजार होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जो कहते हैं वे करते हैं। उन्होंने तीन हजार कहा है तो वे यह भी करेंगे। उन्होंने कहा कि तीन हजार मिलेंगे तो बहनों की जिंदगी बदल जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान शनिवार शाम को जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को एक-एक हजार रुपये की राशि अंतरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मंच पर कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने राशि डालने से पहले बहनों से दिल की बात की।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में हजारों वर्षों से नारियों का सम्मान है। बीच में ऐसा समय आया, जब बेटियों और बहनों से अन्याय हुआ। उन्हें दूसरे दर्जे का मान लिया गया। उन्होंने लाडली बहना योजना का उद्देश्य और उसे लागू करने का कारण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर महीने महिलाओं के खाते में एक हजार रुपये डाले जाएंगे। पहले ये योजना आदिवासियों के लिए बनाई थी। उनकी हालत सुधर गई। जब कांग्रेस की सरकार आई, तो उन्होंने बंद कर दी थी। बेटा-बेटियों के लैपटॉप भी कांग्रेस ने बंद कर दिए थे। सरकार एक हजार रुपये तक नहीं रुकेगी। धीरे-धीरे पैसे बढ़ाते जाएंगे। पैसे का इंतजाम होते ही और भी बढ़ाएंगे। आने वाले समय में 250-250 रुपये बढ़ा कर इसे तीन हजार रुपये तक ले जाएंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री चौहान जबलपुर पहुंचने पर सबसे बड़ी खेरमाई मंदिर गए और पूजा-अर्चना की। इस दौरान बहनों ने मुख्यमंत्री चौहान को फूल देकर उनका स्वागत किया। जबलपुर में मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी महिला पुलिस ने संभाली। कार्यक्रम के दौरान कन्याओं का पूजन किया। इसके बाद दीप जलाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। मंच पर मुख्यमंत्री ने लाडली बहन के पैर भी पखारे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव, सांसद राकेश सिंह, भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय विश्नोई भी मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री ने यहां 335 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 213.12 करोड़ के 28 निर्माण कार्यों का लोकार्पण व 121.85 करोड़ के 45 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। समारोह स्थल पर 16 विभागों द्वारा विकास की गतिविधियों को प्रदर्शित करते स्टॉल लगाए गए हैं। वीरांगनाओं पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है। कुछ ही देर में मुख्यमंत्री चौहान लाड़ली बहनों के खाते में राशि रुपये भेजेंगे।

कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक से हितग्राहियों को राशि अंतरित होने के बाद लाडली बहनों द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आभार पत्र दिया जाएगा। यह आभार पत्र गोल होगा, जिसमें 100 कार्ड चस्पा होंगे। इन कार्डों पर सीएम के नाम संदेश होगा।

Tags:    

Similar News