दिग्विजय सिंह के गढ़ में शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भरी हुंकार, कहा - एक थी बाप बेटे की जोड़ी निराली... नाम है उनका बंटाधार
134 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया
राघोगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का गढ़ माने जाने वाले राघोगढ़ में आज भाजपा दोगुनी ताकत के साथ मैदान में उतरी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों ने जिले को 134 करोड़ की सौगात दी। वे यहां लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए हैं। दोनों नेता पहली बार एक साथ राघोगढ़ में किसी कार्यक्रम में शामिल हुए है। इससे पहले दोनों नेता कई बार अकेले दौरे कर चुके है।
ग्वालियर अंचल के दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री सिंधिया कुछ अलग ही अंदाज में नजर आ रहे है। शुक्रवार को गुना में एक कार्यक्रम में डांस करते नए आए थे। उसके बाद आज मंच से उन्होंने हम होंगे कामयाब गाना गाकर कार्यकार्ताओं में जोश भर दिया। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है इस देश को इसी सदी में विश्वगुरु बनाना। हम एक दिन जरूर कामयाब होंगे। दिग्विजय सिंह पर कसते हुए कहा कि 2003 के बाद से मध्य प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है, तो विगत 50 सालों में राघौगढ़ में विकास की उल्टी गंगा बह रही है। 1977 से एक ही परिवार इस क्षेत्र पर अपनी चक्की पीस रहा है। "एक थी बाप बेटे की जोड़ी निराली, कर दी उन्होंने मध्यप्रदेश की झोली खाली।रावण जैसा अहंकार रहता सिर पर सवार, न उठे अपनी ऊंची गद्दी से एक इंच भी, नाम है उनका "बंटाधार"
शिवराज सिंह ने पूछा कमलनाथ ने प्रदेश को दिया क्या -
वहीँ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा मेरी प्यारी लाड़ली बहनों 10 तारीख आ रही है, मैंने आपको वचन दिया है कि हर महीने की 10 तारीख को आपके खाते में 1 हजार रुपये महीना डाले जाएंगे।10 जुलाई को आपके खाते में दूसरी किश्त डाली जाएगी। मैंने गरीब-किसान परिवार की बहनों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए परेशान होते देखा है।मेरी बहनों 1 हजार तो अभी शुरुआत है, इसे बढ़ाते-बढ़ाते 3 हजार रुपये प्रति माह तक लेकर जाऊंगा। बहनों की जिंदगी में खुशियां लाना और उनकी जिंदगी बदलना ही मेरा मकसद है।
एक बार सोचिए - कमलनाथ-दिग्विजय सिंह ने क्या किया मध्यप्रदेश के विकास के लिए? बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा बंद कर दी, संबल योजना बंद कर दी ,मेंधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप देना बंद कर दिए, जनहित की योजनाएं बंद कर दी थीं कमलनाथ-दिग्विजय सिंह ने।
राघौगढ़ को दी 134 करोड़ की ये सौगात -
- 7.40 करोड़ के 6 निर्माण कार्य का लोकार्पण
- 126.72 करोड़ के 70 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन