SwadeshSwadesh

कांग्रेस में कलह : पंजाब मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिद्धू को अपने खिलाफ चुनाव लड़ने की दी चुनौती

Update: 2021-04-28 08:24 GMT

चंडीगढ़।  कोरोना संकट के बीच पंजाब कांग्रेस में राजनीतिक घमासान सामने आया है।  मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पूर्व क्रिकेटर और विधायक नवजोत सिंह सिद्धू को अपने खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली है।  कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने मंगलवार को यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी में अनुशासहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि नवजोत सिंह सिद्धू उनके खिलाफ चुनाव लड़ना चाहते हैं तो वह आजाद हैं परन्तु उनका हाल भी जनरल जे.जे. सिंह जैसा ही होगा जिसकी जमानत तक जब्त हो गई थी।

एक निजी चैनल को दिए साक्षात्कार में मुख्यमंत्री ने नवजोत सिंह सिद्धू को चुनौती दी कि वह यह स्पष्ट करे कि वह कांग्रेस पार्टी के मैंबर हैं या नहीं। कैप्टन ने कहा कि अगर हैं तो उनका लगातार मुख्यमंत्री और सरकार के खिलाफ बोलना आचार संहिता के उल्लंघन के समान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बागी को यह तय कर लेना चाहिए कि वह किस तरफ है क्योंकि कांग्रेस में वह पार्टी के अनुशासन को तोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा उन्हें वापस नहीं लेगी और जहां तक अकाली दल की बात है, वह भी उनसे रूठ चुकी है।

पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपना काम बहुत बढ़िया कर रहे हैं और अपनी जिम्मेदारियां भी बखूबी निभा रहे हैं, इसलिए सिद्धू को जाखड़ की जगह नियुक्त करने का सवाल ही पैदा नहीं। कैप्टन ने कहा, 'सिर्फ चार साल ही हुए जब सिद्धू कांग्रेस में शामिल हुए और यहां कई ऐसे नेता हैं जिन्होंने अपना राजनैतिक कॅरियर यूथ कांग्रेस से शुरू किया और वह उससे कहीं ज्यादा सीनियर हैं, इस कारण उन्हें उप-मुख्यमंत्री या प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद कैसे दिया जा सकता है।'


Tags:    

Similar News