अमेरिका: राष्ट्रपति ट्रंप से मिलेंगे पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, दोनों एक साथ करेंगे लंच

Update: 2025-06-18 02:56 GMT

अमेरिका। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज (18 जून) पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर से मुलाकात करने वाले हैं। व्हाइट हाउस की ओर से बुधवार के लिए जारी राष्ट्रपति ट्रंप के शेड्यूल में लिखा है कि, वो पाकिस्तानी सेना अध्यक्ष आसिम मुनीर के साथ लंच करेंगे। आसिम मुनीर फिलहाल अमेरिका में हैं।

व्हाइट हाउस के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल मुनीर आज व्हाइट हाउस में मिलेंगे। ईरान और इजराइल के संघर्ष के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पाकिस्तान के फील्ड मार्शल मुनीर के साथ व्हाइट हाउस में दोपहर 1 बजे EST/रात 10.30 बजे IST पर लंच करेंगे। व्हाइट हाउस के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रेस के लिए बंद है।

पाकिस्तान के फील्ड मार्शल मुनीर अपने अमेरिकी दौरे पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से भी मिल सकते हैं।

पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रविवार को वाशिंगटन पहुंचे मुनीर कथित तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना चाहते हैं। डॉन की एक रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है, यह यात्रा "मुख्य रूप से द्विपक्षीय प्रकृति की" है।

इससे पहले, ऐसी अफवाहें थीं कि पाकिस्तानी फील्ड मार्शल अमेरिकी सेना दिवस परेड में भाग लेंगे। हालांकि, अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर इन दावों का खंडन किया था। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा, "यह झूठ है। किसी भी विदेशी सैन्य प्रमुख को आमंत्रित नहीं किया गया था।"

 

Tags:    

Similar News