गोवा में मोदी ने 77 फीट श्रीराम-प्रतिमा का अनावरण किया; कर्नाटक में गीता पाठ

गोवा में मोदी ने 77 फीट श्रीराम प्रतिमा का अनावरण किया। कर्नाटक में 1 लाख लोगों संग गीता पाठ किया और श्रीकृष्ण मठ में सोने का कलश चढ़ाया।

Update: 2025-11-28 13:15 GMT
शुक्रवार का दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक संदेशों से भरा रहा। कर्नाटक से लेकर गोवा तक, जहां-जहां वे पहुंचे, माहौल भक्ति, उमंग और भारत की बदलती सांस्कृतिक पहचान से सराबोर नजर आया। उडुपी की गलियों में उनके स्वागत की गूंज थी, तो गोवा में 77 फीट ऊंची राम प्रतिमा के अनावरण ने लोगों को रोमांचित कर दिया।

उडुपी श्रीकृष्ण मठ में पूजा-अर्चना और स्वर्ण कलश चढ़ाया

पीएम मोदी सुबह कर्नाटक के उडुपी पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीकृष्ण मठ में विधि-विधान से पूजा की। मंदिर परिसर में नव-निर्मित सुवर्ण तीर्थ मंडप का उद्घाटन करते हुए उन्होंने पवित्र कनकना किंडी के लिए बना स्वर्ण कवच भी चढ़ाया। मंदिर महंतों ने माला पहनाकर पीएम का स्वागत किया और पूरे समारोह में सैकड़ों भक्त मौजूद रहे।

Full View

1 लाख लोगों के साथ गीता का सामूहिक पाठ

इसके बाद पीएम मोदी ने एक लाख से अधिक लोगों के साथ श्रीमद्भगवद गीता का पाठ किया। एक स्वर में गूंजते मंत्रों और श्लोकों ने माहौल को आध्यात्मिकता से भर दिया। पीएम ने कहा जब 1 लाख लोग एक साथ गीता का पाठ करते हैं, तो उससे ऐसी शक्ति जन्म लेती है जो मन और मस्तिष्क को नई ऊर्जा देती है।

उडुपी रोड शो: 3 किमी तक उमड़ा जनसैलाब

एयरपोर्ट से मंदिर तक पीएम के स्वागत में 3 किलोमीटर लंबा रोड शो हुआ। सड़कों पर भारी भीड़ और झूमते हुए समर्थक मोदी के प्रति स्थानीय लोगों का उत्साह साफ दिखा रहे थे।

उडुपी में PM ने अपने भाषण में कही गई 4 अहम बातें

उडुपी की राजनीतिक पहचान: यहां से सुशासन का मॉडल शुरू हुआ… 1968 में जनसंघ की जीत ने नई राजनीति को जन्म दिया।

गुजरात-उडुपी का संबंध: द्वारका और उडुपी का रिश्ता आध्यात्मिक है… मैं पिछले साल समुद्र के भीतर द्वारका के दर्शन कर आया।

गीता का संदेश: गीता सिखाती है—सत्य और शांति की रक्षा के लिए अत्याचारी का अंत आवश्यक है… यही भारत की नेशनल सिक्योरिटी पॉलिसी का सार है।

नया भारत: पहले आतंकी हमलों पर जवाब नहीं मिलता था; आज का भारत शांति स्थापित करना और उसकी रक्षा दोनों जानता है।

77 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा का अनावरण

शाम को पीएम मोदी दक्षिण गोवा के कैनाकोना स्थित श्री संस्थान गोकर्ण परतगली जीवोत्तम मठ पहुंचे। यह मठ गौड़ सारस्वत ब्राह्मण वैष्णव परंपरा का पहला प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां उन्होंने 77 फीट ऊंची कांस्य श्रीराम प्रतिमा का अनावरण किया इस प्रतिमा को प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने बनाया है, जो स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए भी जाने जाते हैं। रामायण थीम पार्क का उद्घाटन मठ परिसर में निर्मित रामायण थीम पार्क गार्डन का भी पीएम ने शुभारंभ किया। यह पार्क युवाओं को प्राचीन कथाओं को आधुनिक तरीके से समझने का अवसर देगा।




 गोवा में PM की पांच बड़ी बातें

  • यह मठ 550 वर्षों की आध्यात्मिक विरासत का जीवित उदाहरण है।
  • रामायण थीम पार्क आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्थायी स्रोत बनेगा।
  • गोवा ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को कठिन समय में भी नहीं छोड़ा।
  • पर्तगली मठ जैसे संस्थानों ने गोवा की सांस्कृतिक आत्मा को मजबूत रखा।
  • आज भारत सांस्कृतिक पुनर्जागरण का साक्षी है अयोध्या, काशी और महाकाल इसका प्रमाण हैं।

Tags:    

Similar News