2026 की पहली सुबहः अयोध्या में रामलला के 2 लाख दर्शन, वैष्णो देवी में रजिस्ट्रेशन बंद, महाकाल में भक्तों का सैलाब

नए साल 2026 पर मंदिरों में भारी भीड़. अयोध्या में 2 लाख रामलला दर्शन, वैष्णो देवी में रजिस्ट्रेशन बंद महाकाल में लाखों भक्त।

Update: 2026-01-01 12:57 GMT

नए साल की शुरुआत देशभर में आस्था और विश्वास के साथ हुई. जैसे ही 2026 का सूरज निकला, वैसे ही भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं, अयोध्या से उज्जैन और कटरा से मथुरा तक मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का सैलाब देखने को मिला ।

अयोध्या: रामलला के दर्शन को उमड़ी रिकॉर्ड भीड़

नए साल के पहले दिन अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया. दोपहर 12 बजे तक करीब 2 लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके थे, मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और श्रद्धालुओं से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की जा रही है ।

मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में पैर रखने की जगह नहीं

मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में भी नए साल पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली. सुबह से दोपहर 12 बजे तक 1.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे. भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से 5 जनवरी तक दर्शन के लिए न आने की अपील की है ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे ।


उज्जैन: महाकाल के दरबार में लाखों भक्त

नए साल पर महाकालेश्वर मंदिर में भी भक्तों की आस्था चरम पर दिखी. करीब 1 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना समेत टीम की कुछ खिलाड़ी भी मंदिर पहुंचीं भस्म आरती से लेकर सामान्य दर्शन तक पूरा मंदिर परिसर हर हर महादेव  के जयकारों से गूंजता रहा ।

वैष्णो देवी: भीड़ बढ़ी तो रजिस्ट्रेशन रोकना पड़ा

जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में भी नए साल पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्थिति को संभालने के लिए श्राइन बोर्ड ने अस्थायी रूप से रजिस्ट्रेशन बंद कर दिए, अव्यवस्था से बचने के लिए यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की गई. प्रशासन के अनुसार हालात सामान्य होने पर रजिस्ट्रेशन फिर से शुरू किए जाएंगे ।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं

नव वर्ष के अवसर पर देश के शीर्ष नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी देशवासियों को नए साल की बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा 2026 की आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। कामना करता हूं कि यह वर्ष नई आशाएं, नए संकल्प और नया आत्मविश्वास लेकर आए ।


Tags:    

Similar News