राजस्थान में 0 डिग्री का कहर, MP में घना कोहरा,केदारनाथ में बर्फबारी, बद्रीनाथ में टेंपरेचर माइनस 13°
नए साल के पहले सप्ताह में उत्तर भारत और मध्य भारत में मौसम ने ठंड की चेतावनी दे दी है। राजस्थान में नए साल में पहली बार तापमान 0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु तक पहुँच गया। रेगिस्तानी जिले बाड़मेर और बीकानेर में भी कड़ाके की ठंड रही।
मौसम विभाग ने सीकर, हनुमानगढ़ समेत 10 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसी बीच मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। भोपाल और इंदौर में हल्की बारिश के भी संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि जनवरी के दौरान लगभग 15 से 20 दिन तक शीतलहर का असर रहेगा।
राजस्थान में पहली बार नए साल में 0डिग्री
माउंट आबू के हिल स्टेशन पर पारा जमाव बिंदु तक पहुँच गया है। सीकर, हनुमानगढ़ और बाड़मेर जैसे रेगिस्तानी जिलों में भी कड़ाके की ठंड का असर देखा गया। मौसम विभाग ने 10 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
अगले दो दिनों का मौसम अनुमान
4 जनवरी: मैदानी राज्यों में घना कोहरा, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कोहरे का अलर्ट,पहाड़ी राज्यों के निचले इलाकों में हल्की बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
5 जनवरी: पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी, मैदानी राज्यों में घना कोहरा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के निचले इलाकों में बारिश
मध्य प्रदेश में अगले 3 दिन घना कोहरा
मध्यप्रदेश के 15 शहरों में दिन का तापमान 24 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक घना कोहरा रहेगा, इसके बाद तेज सर्दी का दौर शुरू होगा।