5 लोगों की आत्महत्या से दहला मथुरा: माता-पिता ने दूथ में दिया जहर, दीवाल पर लिखी वजह

Update: 2026-02-10 06:41 GMT

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महावन तहसील क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।घर के भीतर एक साथ पांच शव मिलने से गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। फिलहाल आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है।

ग्राम खप्परपुर की घटना

यह मामला महावन क्षेत्र के ग्राम खप्परपुर का है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटियां हनी और प्रियांशी तथा दो वर्षीय बेटे पंकज की मौत हो गई। सभी के शव घर के अंदर मिले।पुलिस ने मौके से सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

परिवार अलग मकान में रहता था

जानकारी के मुताबिक मनीष की शादी करीब आठ साल पहले सादाबाद के मड़नई गांव में हुई थी। मनीष के दो भाई भी हैं, जो उसी गांव में अलग-अलग मकानों में रहते हैं। मनीष अपने परिवार के साथ इसी घर में रह रहा था।घटना की जानकारी तब हुई जब काफी देर तक घर से कोई बाहर नहीं निकला, इसके बाद पड़ोसियों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

दीवार पर लिखा मिला संदेश

पुलिस के अनुसार घर के अंदर दीवार पर कुछ शब्द लिखे मिले हैं। संदेश में लिखा है कि “अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं”। इसे पुलिस सुसाइड नोट के रूप में देख रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।

आत्महत्या की वजह अब भी साफ नहीं

परिवार ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर फिलहाल कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और परिवार की आर्थिक व पारिवारिक स्थिति की भी जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। गांव में घटना के बाद से मातम का माहौल है और हर कोई स्तब्ध है।

Similar News