भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने जनआशीर्वाद यात्रा की सफलता के लिए जनता को दिया धन्यवाद

Update: 2021-09-04 09:32 GMT

नईदिल्ली। भारतीय जनता पार्टी  के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को जन-आशीर्वाद यात्रा के दौरान मिले अपार समर्थन और आशीर्वाद के लिए देशवासियों का धन्यवाद किया है। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल और विस्तार के बाद 16 अगस्त को भाजपा ने नए मंत्रियों को जनता के बीच भेजने के लिए जन-आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की थी।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने एक प्रेस वक्तव्य में कहा, 'जन-आशीर्वाद यात्रा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिमंडल के सदस्यों को अपार समर्थन और आशीर्वाद देने के लिए देश की जनता का हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं की तरफ से आभार।' 

 राष्ट्र की सुरक्षा एवं समृद्धि - 

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से आरंभ होकर 28 अगस्त तक, 14 दिन चले अभूतपूर्व 'जन-आशीर्वाद यात्रा' ने 24,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। इस दौरान 5,000 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किये गए। सभी कार्यक्रम अत्यंत सफल और जन-भागीदारी के रहे हैं। इस यात्रा की सफलता का पूरा श्रेय देश की जनता को जाता है। नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश के सर्वांगीण विकास, जन-कल्याण और राष्ट्र की सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए कृतसंकल्पित एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर विकास की दौड़ में पीछे रह गए लोगों तक पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। 

सबका साथ, सबका विकास - 

उन्होंने कहा कि हमारी हर योजना के केंद्र में देश के गांव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, पिछड़े एवं महिलायें हैं। उन्होंने कहा, 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' पर सरकार की प्रतिबद्धता और प्रतिज्ञा अटूट और दृढ़ है। नड्डा ने कहा कि "जन-आशीर्वाद यात्रा" की अपार सफलता से डरकर कई विपक्षी पार्टियों ने इसमें बाधाएं उत्पन्न करने की असफल कोशिशें की, लेकिन वे मोदी सरकार और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों पर देश की जनता के विश्वास को डिगा नहीं पाए।

लोकतंत्र पर कुठाराघात -

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हमारे केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के साथ विपक्ष पार्टियों ने जिस तरह से दुर्व्यवहार किया और जनता को निशाना बनाया, उसे हमसब ने देखा। यह लोकतंत्र पर कुठाराघात था, लेकिन जनता से मिले व्यापक समर्थन ने एक खास एजेंडा और मानसिकता वाले विरोधियों को अपने कदम वापस खींचने पर मजबूर कर दिया।नड्डा ने कहा कि देशवासियों ने विपक्ष के मंसूबों को नकारते हुए विकास की राजनीति के प्रति अपना जो विश्वास दिखाया है, इसके लिए मैं उनका ऋणी हूं।

Tags:    

Similar News