SwadeshSwadesh

राजस्थान उपचुनाव में सहाड़ा व सुजानगढ़ सीट पर कांग्रेस, राजसमंद में भाजपा को बढ़त

Update: 2021-05-02 08:47 GMT

जयपुर।  राजस्थान में तीन विधानसभा सीटों पर सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना में दोपहर 12 बजे तक स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है। सत्तारूढ़ कांग्रेस के उम्मीदवारों ने सहाड़ा व सुजानगढ़ सीट पर बढ़त बना ली है, जबकि राजसमंद में भाजपा उम्मीदवार आगे है। हालांकि, उनके और कांग्रेस उम्मीदवार के बीच मतों का अंतर ज्यादा नहीं है।

भाजपा को सबसे बड़ा धक्का सुजानगढ़ सीट पर लग सकता है, जहां वह तीसरे स्थान पर है। यहां कांग्रेस पहले, राष्‍ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान पर है। सहाड़ा से कांग्रेस एकतरफा जीत की ओर बढ़ चुकी है, जबकि राजसमंद में दोनों दलों की कड़ी टक्कर में भाजपा की दीप्ति माहेश्वरी आगे निकल गई हैं। तीनों सीटों पर भाजपा, कांग्रेस के अलावा सांसद हनुमान बेनीवाल की आरएलपी सहित कुल 27 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम से बाहर आ रहा है।

दोपहर बारह बजे तक राजसमंद में 14वें राउंड के बाद भाजपा की दीप्ति माहेश्वरी 2185 वोट से आगे चल रही हैं। यहां कांग्रेस के तनसुख बोहरा को 41 हजार 907 वोट मिले हैं, जबकि दीप्ति को 44 हजार 92 वोट। सहाड़ा में 10वें राउंड के बाद कांग्रेस की गायत्री देवी 13 हजार 781 वोट से आगे हैं। उन्हें 29 हजार 710 वोट मिले, जबकि भाजपा के डॉ. रतनलाल जाट को 15 हजार 929 और आरएलपी के बद्रीलाल जाट को 3 हजार 396 वोट मिले हैं। सुजानगढ़ में कांग्रेस के मनोज मेघवाल ने बढ़त बना ली है। सुजानगढ़ कांग्रेस प्रत्याशी मनोज मेघवाल कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वे मतगणना केंद्र में नहीं आए हैं। यहां दूसरे नंबर पर आरएलपी है। जबकि, तीसरे नंबर पर भाजपा है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया मूल रूप से चूरू के ही रहने वाले हैं। ऐसे में अगर भाजपा तीसरे नंबर पर रहेगी तो यह उनके लिए बड़ा झटका होगा।

ये है प्रत्याशी - 

राजसमंद में भाजपा ने दिवंगत विधायक किरण माहेश्वरी की बेटी दीप्ति माहेश्वरी तो कांग्रेस ने तनसुख बोहरा, सुजानगढ़ में कांग्रेस ने दिवंगत विधायक मास्टर भंवरलाल के पुत्र मनोज मेघवाल तो भाजपा ने खेमाराम मेघवाल तथा सहाड़ा में कांग्रेस ने दिवंगत विधायक कैलाश त्रिवेदी की पत्नी गायत्री देवी तो भाजपा ने रतनलाल जाट को मैदान में उतारा था। तीनों विधानसभा सीटों पर आरएलपी ने भी अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।

Tags:    

Similar News