सोया चीला हाई प्रोटीन से भरपूर नाश्ता है, जिसे खाने से बॉडी को पूरे दिन एनर्जी मिलती है। इसलिए घर पर मिनटों में ऐसे बनाएं सोया चंक्स का चीला....
अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर खाना चाहते हैं, तो सोया चीला एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। सोयाबीन से बनने वाला यह चीला बॉडी को भरपूर प्रोटीन देता है और दिन की शुरुआत के लिए जरूरी एनर्जी भी देता है। खास बात यह है कि इसे घर पर बनाना बेहद आसान है और सुबह की जल्दी में भी कुछ ही मिनटों में तैयार किया जा सकता है।

सोया से बना यह चीला न्यूट्रिशन के मामले में काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें प्रोटीन के साथ-साथ फाइबर, हेल्दी फैट और कई जरूरी न्यूट्रिएंट्स मौजूद होते हैं। यही वजह है कि इसे खाने से बॉडी को एनर्जी मिलती है और ओवरऑल हेल्थ बेहतर बनी रहती है। टेस्ट के मामले में भी यह इतना लाजवाब होता है कि बच्चे से लेकर बड़े तक इसे पसंद करते हैं। चलिए जान लेते हैं इसे बनाने में क्या-क्या सामग्री की जरूरत पड़ेगी।
सोया चीला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 कप सोया चंक्स
- 2 बड़े चम्मच बेसन
- 2 हरी मिर्च
- 2–3 लहसुन की कलियां
- 1 छोटा टुकड़ा अदरक
- 1 प्याज (बारीक कटा)
- 1 टमाटर (बारीक कटा)
- ½ शिमला मिर्च (कटी हुई)
- 2 बड़े चम्मच हरा धनिया
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
- लाल मिर्च पाउडर और नमक स्वादानुसार
- 1 गिलास पानी
- 1 छोटा चम्मच तेल
आप अपनी जरूरत के हिसाब से इसमें सामग्री घटा-बढ़ा सकते हैं।
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट सोया चीला
सोया चीला बनाने के लिए सबसे पहले सोया चंक्स को उबाल लें या स्टीम कर लें। इसके बाद इसमें से पानी निचोड़ लें और फिर इसमें हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालकर मिक्सर में पीस लें। इसके बाद एक बड़े बर्तन में पिसे हुए सोया चंक्स डालें और उसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरा धनिया और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें बेसन डालकर मिश्रण को अच्छी तरह तैयार कर लें।

अब गैस पर तवा या पैन गर्म करें और उसमें हल्का सा तेल फैला दें। तैयार मिश्रण को तवे पर डालकर चीले की तरह फैला दें। धीमी आंच पर 5–7 मिनट तक एक तरफ से पकाएं, फिर पलटकर दूसरी तरफ से भी सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।
जब चीला दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाए तो गैस बंद कर दें। आपका डिलीशियस और हाई-प्रोटीन सोया चीला तैयार है। इसे हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ गरम-गरम परोस सकते हैं।