1 मार्च 2026 से UTS ऐप बंद होगा। अब जनरल, प्लेटफॉर्म और सीजन टिकट RailOne ऐप से बुक होंगे। जानें नया नियम और यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी।
नई दिल्ली। अगर आप लोकल ट्रेन या जनरल टिकट के लिए मोबाइल से बुकिंग करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। भारतीय रेलवे 1 मार्च 2026 से बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब तक अनारक्षित टिकट के लिए इस्तेमाल होने वाला UTS ऐप बंद कर दिया जाएगा। यानी 1 मार्च के बाद जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट या सीजन टिकट बुक करने के लिए आपको नया ऐप इस्तेमाल करना होगा।
UTS ऐप क्यों हो रहा है बंद?
रेलवे के मुताबिक, अब सभी सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की तैयारी है। अभी तक यात्रियों को अलग-अलग काम के लिए अलग ऐप UTS और IRCTC का इस्तेमाल करना पड़ता था। रेलवे चाहता है कि टिकट बुकिंग से लेकर PNR चेक करने तक की सारी सुविधाएं एक ही जगह मिलें। इसी वजह से UTS ऐप को बंद कर RailOne नाम का नया सुपर ऐप लॉन्च किया गया है।
RailOne ऐप में क्या-क्या मिलेगा?
RailOne ऐप को रेलवे का ‘ऑल-इन-वन’ प्लेटफॉर्म कहा जा रहा है। इसमें
- जनरल (अनारक्षित) टिकट बुकिंग
- प्लेटफॉर्म टिकट
- मासिक सीजन टिकट
- स्लीपर और एसी रिजर्वेशन
- PNR स्टेटस
- लाइव ट्रेन लोकेशन
- कैंसिलेशन और रिफंड
- सफर के दौरान खाना ऑर्डर करने की सुविधा
- शिकायत और सुझाव दर्ज करने का विकल्प
होम स्क्रीन पर ही ‘Unreserved’ और ‘Platform Ticket’ का ऑप्शन दिखाई देगा, जिससे बुकिंग आसान रहेगी। ऐप हिंदी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं में उपलब्ध है।
पुराने यूजर्स क्या करें?
अगर आप पहले से UTS या IRCTC ऐप इस्तेमाल कर रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। वही पुराना यूजर नेम और पासवर्ड RailOne में भी काम करेगा।
नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
UTS ऐप के R-Wallet में बचा बैलेंस RailOne में ट्रांसफर हो जाएगा या रेलवे की गाइडलाइन के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकेगा। RailOne ऐप Google Play Store और Apple App Store पर उपलब्ध है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते नया ऐप डाउनलोड कर लें।
स्टेशन काउंटर से टिकट मिलेगा या नहीं?
रेलवे ने साफ किया है कि स्टेशन काउंटर से जनरल टिकट मिलना जारी रहेगा। हालांकि, मोबाइल से टिकट बुक करना ज्यादा तेज और सुविधाजनक रहता है, क्योंकि लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ती। कुल मिलाकर, 1 मार्च से टिकट बुकिंग का तरीका बदल जाएगा। अगर आप रोजाना लोकल ट्रेन या शॉर्ट डिस्टेंस यात्रा करते हैं, तो अभी से RailOne ऐप डाउनलोड कर लेना बेहतर रहेगा, ताकि यात्रा में कोई दिक्कत न हो।