भारतीय रेलवे में 1 मार्च से रेलवे टिकटिंग सिस्टम में बदलाव लागू होगा। UTS बंद होगा और RailOne ऐप से जनरल, प्लेटफॉर्म और रिजर्वेशन टिकट एक ही जगह मिलेंगे।
नई दिल्लीः भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग व्यवस्था में 1 मार्च से बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है। अब तक मोबाइल से जनरल या प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए अलग-अलग ऐप्स का सहारा लेना पड़ता था। लेकिन अब यात्रियों को नया सिस्टम अपनाना होगा। रेलवे ने टिकटिंग प्रक्रिया को आसान और एकीकृत बनाने के लिए नई व्यवस्था तैयार की है, ताकि यात्रियों को एक ही मंच पर सभी सुविधाएं मिल सकें।
अब UTS की जगह RailOne बनेगा नया प्लेटफॉर्म
भारतीय रेलवे ने तय किया है कि 1 मार्च से पुराना UTS on Mobile ऐप बंद कर दिया जाएगा। इसकी जगह RailOne को प्राथमिक प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा। RailOne को ऑल-इन-वन रेलवे ऐप के रूप में तैयार किया गया है। इसमें जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, रिजर्वेशन और ट्रेन स्टेटस जैसी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। इससे यात्रियों को अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और टिकट बुकिंग पहले से ज्यादा सरल होगी।
IRCTC अकाउंट से भी कर सकेंगे लॉगिन
नए ऐप में यात्री चाहें तो नया अकाउंट बना सकते हैं या अपना मौजूदा IRCTC Rail Connect अकाउंट लिंक कर सकते हैं। लॉगिन करने के बाद ‘Search Train’ विकल्प के जरिए स्टेशन और ट्रेन की जानकारी भरकर टिकट बुक की जा सकेगी। पेमेंट के तुरंत बाद टिकट ऐप में उपलब्ध होगा, जिसे डाउनलोड या शेयर भी किया जा सकता है।
डिजिटल पेमेंट पर मिलेगा 3% तक डिस्काउंट
RailOne से जनरल टिकट बुक करने पर डिजिटल पेमेंट करने वाले यात्रियों को 3 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगा।
पेमेंट के लिए UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और आर-वॉलेट जैसे विकल्प मिलेंगे। पहले से मौजूद R Wallet बैलेंस का इस्तेमाल भी किया जा सकेगा। रेलवे का उद्देश्य डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना और कैशलेस सिस्टम को मजबूत करना है।
ऐसे बुक होगी जनरल टिकट
जनरल टिकट के लिए ऐप में ‘Journey Planner’ पर जाकर ‘Unreserved’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद प्रस्थान और गंतव्य स्टेशन दर्ज करें। जीपीएस ऑन करने पर ऐप आपकी लोकेशन स्वतः पहचान सकता है।
ट्रेन का प्रकार और यात्रियों की संख्या चुनने के बाद पेमेंट करें। भुगतान सफल होते ही टिकट जनरेट हो जाएगा, जिसे ‘My Tickets’ सेक्शन से देखा या पीडीएफ में डाउनलोड किया जा सकता है।