आईपीएल ट्रॉफी पर लिखी संस्कृत की लाइन का मतलब क्या है? जानिए ट्रॉफी का डिजाइन, कीमत और उससे जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स जो क्रिकेट फैंस को हैरान कर देंगे।
आईपीएल जीतने वाली टीम के हाथ में उठने वाली ट्रॉफी सिर्फ एक इनाम नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट की पहचान है। इसकी चमक और डिजाइन जितनी आकर्षक है, उतनी ही दिलचस्प इसकी कहानी भी है। कम ही लोग जानते हैं कि इस ट्रॉफी पर संस्कृत में एक खास सूक्ति लिखी गई है, जो आईपीएल के असली मकसद को दर्शाती है। यह लाइन खिलाड़ियों और फैंस दोनों के लिए एक संदेश देती है।
ट्रॉफी का डिजाइन, उसकी बनावट और उसे लेकर जुड़े नियम ये सब मिलकर इसे और भी खास बनाते हैं।
संस्कृत की लाइन में छिपा IPL का विजन
आईपीएल ट्रॉफी पर संस्कृत में लिखी सूक्ति है, ‘यत्र प्रतिभा अवसर प्राप्नोतिहि’। इसका मतलब होता है, 'जहां प्रतिभा को अवसर मिलता है।' ट्रॉफी पर लिखी यह लाइन सिर्फ सजावट नहीं है। यह उस सोच को दिखाती है जिसके आधार पर इंडियन प्रीमियर लीग खड़ी हुई। नए और पुराने खिलाड़ियों के साथ उन छुपी हुई प्रतिभाओं को मंच देना, जहां वे अपनी क्षमता साबित कर सकें।
ट्रॉफी का डिजाइन समय के साथ बदला
शुरुआती दौर में ट्रॉफी का लुक अलग था। पहली बार जब राजस्थान ने खिताब जीता, तब ट्रॉफी पर भारत का नक्शा और बल्ला लिए एक खिलाड़ी की आकृति बनी हुई थी। बाद में डिजाइन बदला गया। अब जो ट्रॉफी दिखाई देती है, वह गोलाकार है और सुनहरे रंग में चमकती है। इसके नीचे 'Indian Premier League' लिखा होता है, जबकि बीच में छोटा सा भारत का नक्शा भी नजर आता है।

असली ट्रॉफी किसके पास रहती है?
अक्सर फैंस सोचते हैं कि जीतने वाली टीम ट्रॉफी अपने पास रखती होगी। लेकिन असल में ओरिजिनल ट्रॉफी हमेशा बीसीसीआई के पास रहती है। हर सीजन के विजेता को उसकी हूबहू कॉपी यानी रेप्लिका दी जाती है। इससे असली ट्रॉफी सुरक्षित रहती है और हर साल उसी का उपयोग किया जाता है।
क्या सच में सोने की बनी होती है ट्रॉफी?
आईपीएल ट्रॉफी का गोल्डन लुक देखकर कई लोग इसे पूरी तरह सोने का मान लेते हैं। लेकिन हकीकत थोड़ी अलग है। यह ट्रॉफी सोना, चांदी और एल्युमिनियम जैसी धातुओं को मिलाकर बनाई जाती है। इसके ऊपर गोल्ड पॉलिश की जाती है, जिससे यह चमकदार दिखाई देती है। इसका निर्माण ज्वेलरी ब्रांड Orra करता है, जो 2008 से लगातार इसे तैयार कर रहा है।
कीमत का रहस्य और बढ़ती दिलचस्पी
आईपीएल ट्रॉफी की असली कीमत कभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में इसकी कीमत 30 से 50 लाख रुपये के बीच बताई जाती है। क्रिकेट फैंस के लिए यह सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि एक सपना है। हर साल जब कोई टीम इसे उठाती है, तो वह संस्कृत में लिखी उस लाइन को सच करती है, जहां प्रतिभा को मौका मिलता है।