चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने CA Foundation सितंबर 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट caresults.icai.org पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। स्कोरकार्ड देखने के लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर दर्ज करना होगा।
इस बार परीक्षा में कनिष्का और महक गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है। दोनों उम्मीदवारों ने 400 में से 361 अंक प्राप्त किए। उनका कुल स्कोर 90.25 प्रतिशत रहा। ICAI की ओर से जारी टॉपर्स की सूची में दूसरे और तीसरे स्थान पर भी कई उम्मीदवार शामिल हैं।
पांच उम्मीदवारों ने हासिल की टॉप-3 रैंक
ICAI की आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, कनिष्का ने हरियाणा के हिसार और महक गुप्ता ने हैदराबाद से परीक्षा में टॉप किया है। दोनों को पहली रैंक मिली है। वहीं, अजमेर के स्पर्श खंडेलवाल और चेन्नई के जे. जयंथ ने 359-359 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से दूसरी रैंक प्राप्त की है। दोनों का प्रतिशत 89.75 रहा।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर की वैभवी सिंघल ने 358 अंक हासिल किए हैं। 89.50 प्रतिशत अंकों के साथ उन्होंने ऑल इंडिया रैंक-3 प्राप्त की। इस तरह शीर्ष तीन रैंक में कुल पांच उम्मीदवार शामिल हैं।
18.93 फीसदी रहा कुल पास प्रतिशत
ICAI की परिणाम विश्लेषण तालिका के मुताबिक, सितंबर 2026 की CA Foundation परीक्षा में कुल 1,04,240 उम्मीदवार शामिल हुए। इनमें से 19,736 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की। इस आधार पर कुल पास प्रतिशत 18.93 फीसदी रहा।
लिंग के आधार पर जारी आंकड़ों में 53,398 पुरुष उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 10,931 सफल रहे। पुरुष अभ्यर्थियों का पास प्रतिशत 20.47 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं, 50,842 महिला उम्मीदवारों में से 8,805 ने परीक्षा पास की। महिला अभ्यर्थियों का पास प्रतिशत 17.32 फीसदी रहा। परीक्षा देशभर के 580 केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
ऐसे डाउनलोड करें अपना स्कोरकार्ड
उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान स्टेप्स की मदद से अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
-
सबसे पहले ICAI की आधिकारिक वेबसाइट caresults.icai.org पर जाएं।
-
होमपेज पर CA Foundation September 2026 Result के लिंक को चुनें।
-
अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर दर्ज करें।
-
मांगी गई जानकारी भरने के बाद सबमिट बटन पर क्लिक करें।
-
आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
-
स्कोरकार्ड डाउनलोड करें और भविष्य के इस्तेमाल के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?
CA Foundation परीक्षा पास करने के लिए उम्मीदवारों को प्रत्येक पेपर में कम से कम 40 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है। इसके साथ ही चारों पेपरों में कुल मिलाकर कम से कम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी होता है। परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवार CA Intermediate कोर्स में आगे की पढ़ाई के लिए पात्र होंगे।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे रिजल्ट और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं को ही देखें।