प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकप्रिय वीडियो गेम Grand Theft Auto (GTA) 6 की लॉन्चिंग को भारत की प्रगति बताने के लिए एक नए अंदाज में इस्तेमाल किया है । गुरुवार 19 नवंबर को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर GTA की थीम पर आधारित तस्वीरों का एक सेट साझा किया। इसमें GTA 5 की रिलीज यानी 2013 और GTA 6 की लॉन्चिंग यानी 2026 के बीच भारत में हुए बदलावों की तुलना की गई है, पोस्ट के साथ पीएम मोदी ने लिखा 'भारत पूरी तरह नया खेल खेल रहा है।'
इस पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री ने पिछली कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार और मौजूदा एनडीए सरकार के दौर के बीच अंतर दिखाने की कोशिश की है । तस्वीरों में GTA गेम की पहचान माने जाने वाले Pricedown फॉन्ट का इस्तेमाल किया गया है ।
'Fragile Five' से सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था तक
पीएम मोदी की पोस्ट में बताया गया है कि 2013 में भारत दुनिया की 'Fragile Five' अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था जबकि अब वह सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है। Fragile Five शब्द का इस्तेमाल 2013 में मॉर्गन स्टेनली ने भारत, ब्राजील, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये की अर्थव्यवस्थाओं के लिए किया था ।पोस्ट में गरीबी में कमी को भी बड़ी उपलब्धि के रूप में दिखाया गया है । इसके मुताबिक अत्यधिक गरीबी का स्तर 27 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गया है। स्वच्छता मिशन के तहत कवरेज 39 प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत होने का दावा भी किया गया है।
सौर ऊर्जा, इंटरनेट और अंतरिक्ष क्षेत्र में बदलाव
प्रधानमंत्री की पोस्ट में अलग-अलग क्षेत्रों के आंकड़ों के जरिए भारत की प्रगति दिखाई गई है।
-
सौर ऊर्जा: क्षमता 2.82 गीगावाट से बढ़कर 175 गीगावाट बताई गई है।
-
अंतरिक्ष क्षेत्र: स्पेस टेक्नोलॉजी स्टार्टअप की संख्या एक से बढ़कर 440 हो गई है।
-
इंटरनेट: एक जीबी डेटा की कीमत 308 रुपये से घटकर 7.51 रुपये दिखाई गई है।
-
रेलवे विद्युतीकरण: 20 प्रतिशत से बढ़कर 99.6 प्रतिशत होने का दावा किया गया है।
-
रक्षा निर्यात: भारत को 80 से अधिक देशों में रक्षा उपकरण निर्यात करने वाले देश के रूप में पेश किया गया है।
-
नक्सलवाद: नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 182 से घटकर शून्य दिखाई गई है।
ये आंकड़े प्रधानमंत्री की ओर से साझा किए गए तुलनात्मक ग्राफिक्स में दिए गए हैं।
युवाओं से जुड़ने की कोशिश या विपक्ष पर राजनीतिक तंज?
पीएम मोदी सोशल मीडिया पर लोकप्रिय संस्कृति और नए ट्रेंड का इस्तेमाल कर युवाओं से जुड़ने की कोशिश करते रहे हैं। GTA 5 और GTA 6 के बीच 13 साल के अंतर को भारत के विकास से जोड़ना भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
पोस्ट में यूपीए सरकार के समय की स्थिति की तुलना मौजूदा सरकार के कार्यकाल से की गई है। इससे विपक्ष पर राजनीतिक कटाक्ष का संदेश भी निकलता है। सोशल मीडिया पर पोस्ट को तेजी से प्रतिक्रियाएं मिलीं। शुरुआती 10 मिनट में ही इसे करीब 60 हजार लाइक्स और लगभग 2 हजार कमेंट मिलने की खबर सामने आई।
GTA 6 की लॉन्चिंग भी इस चर्चा की बड़ी वजह है। GTA 5 सितंबर 2013 में आया था और करीब 13 साल के इंतजार के बाद GTA 6 गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को रिलीज हुआ। पीएम मोदी ने इसी अंतराल को आधार बनाकर भारत के विकास की अपनी तस्वीर पेश की है।