Axar Patel DC Captain: 22 मार्च को आईपीएल 2025 का आगाज होने जा रहा है, यानी टूर्नामेंट की शुरुआत में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। इस दौरान, दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नए कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है। दिल्ली ने 18वें सीजन के लिए टीम की कमान ऑलराउंडर अक्षर पटेल के हाथों में दी है। इससे पहले ऋषभ पंत दिल्ली की टीम के कप्तान थे, लेकिन इस सीजन में वह लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। आईपीएल 2025 से पहले चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले अक्षर पटेल को यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है, जो उनके लिए एक अच्छी खबर है।
दिल्ली के फैंस के लिए भी यह खुशी की बात है क्योंकि अब उनका इंतजार खत्म हो गया है। दिल्ली ही वह टीम थी, जिसका कप्तान अभी तक घोषित नहीं हुआ था। आईपीएल खेलने वाली 10 में से 9 टीमों ने पहले ही अपने कप्तानों का ऐलान कर दिया था।
कैसा है कप्तान अक्षर पटेल का रिकॉर्ड
अक्षर पटेल ने अब तक आईपीएल में 150 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने लगभग 131 के स्ट्राइक रेट से 1653 रन बनाए हैं और 7.28 की इकॉनमी से 123 विकेट हासिल किए हैं। हालांकि, उनके पास कप्तानी का अनुभव नहीं है, लेकिन अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से वे दिल्ली कैपिटल्स की टीम के अहम खिलाड़ी बने हुए हैं। अक्षर पिछले 7 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े हुए हैं, इसी निरंतरता और भरोसे की वजह से फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस सीजन में टीम का कप्तान नियुक्त किया है।
दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी के लिए शुरुआत में केएल राहुल सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। उन्हें भारतीय टीम के अलावा आईपीएल में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करने का अनुभव है। ऐसे में दिल्ली मैनेजमेंट ने भी उन्हें टीम की कमान सौंपने की योजना बनाई थी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केएल राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करने से इनकार कर दिया। उनके इनकार के बाद टीम प्रबंधन ने अक्षर पटेल को कप्तान बनाने का फैसला लिया। इस सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर को 16.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
यहां देखिये दिल्ली कैपिटल्स का स्क्वॉड :
ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, मिचेल स्टार्क, अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, जेक फ्रेजर मैक्गर्क, टी नटराजन, समीर रिजवी, करुण नायर, आशुतोष शर्मा, फाफ डु प्लेसी, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार, विपराज निगम, दर्शन नलकंडे, दुष्मंता चमीरा, माधव तिवारी, मानवंत कुमार, त्रिपूर्ण विजय, अजय मंडल, डोनोवन फरेरा,अक्षर पटेल (कप्तान )।