टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में अगर बारिश हुई तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट? जानिए ICC के नियम, रिजर्व डे और सुपर-8 रैंकिंग का पूरा गणित।
नई दिल्ली। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 अपने आखिरी और सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। अब बारी सेमीफाइनल की है। यहां कुछ घंटे की बारिश पूरे टूर्नामेंट का रुख बदल सकती है। फैंस की सबसे बड़ी चिंता यही है अगर बारिश ने खेल बिगाड़ दिया तो क्या होगा? कौन सी टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी?
बता दें कि पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। यहां साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होने वाला है। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को इंडिया और इंग्लैंड के बीच होगा। अब आइए समझते हैं कि बारिश की सूरत में समीकरण क्या कहता है।
अगर पहला सेमीफाइनल धुल तब?
इंटरनेशन क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के लिए अतिरिक्त समय का प्रावधान किया है। मैच के दिन 90 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम रखा गया है। ताकि किसी भी रुकावट के बाद मुकाबला पूरा कराया जा सके। अगर 4 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता, तो 5 मार्च को रिजर्व डे रखा गया है। मुकाबला वहीं से शुरू होगा, जहां रुका था।
अगर रिजर्व डे पर भी एक गेंद नहीं फेंकी गई?
यही असली ट्विस्ट है। अगर रिजर्व डे पर भी बारिश की वजह से एक भी गेंद नहीं डाली जा सके, तो फैसला सुपर-8 की अंक तालिका के आधार पर होगा। इसके अनुसार ग्रुप मुकाबलों में जो टीम टॉप होगी उसे फाइनल का टिकट दे दिया जाएगा। मतलब वह टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। फिलहाल सुपर-8 ग्रुप 1 में साउथ अफ्रीका छह अंकों के साथ टॉप पर रहा था। उसका नेट रन रेट +2.259 रहा। वहीं, न्यूजीलैंड ग्रुप 2 से तीन अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंचा और उसका नेट रन रेट +1.390 था। ऐसे में मैच पूरी तरह रद्द होने की स्थिति में साउथ अफ्रीका सीधे फाइनल में पहुंच जाएगा।
IND vs ENG: बारिश ने रोका तो क्या होगा?
भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला भी हाई वोल्टेज है। लेकिन अगर यहां भी मौसम ने खेल बिगाड़ दिया तो नियम लगभग वही रहेंगे।
कितना अतिरिक्त समय?
मैच के दिन 90 मिनट का अतिरिक्त समय रहेगा। जरूरत पड़ने पर अगले दिन यानी रिजर्व डे पर भी 120 मिनट तक का अतिरिक्त समय दिया जा सकता है, ताकि कम से कम पांच ओवर का मैच हो सके। अगर तमाम कोशिशों के बावजूद मैच नहीं हो पाता, तो सुपर-8 की रैंकिंग देखी जाएगी।
इसके हिसाब से इंग्लैंड अपने ग्रुप में तीन जीत के साथ शीर्ष पर रहा था। वहीं, भारत दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर था। इस स्थिति में इंग्लैंड को फाइनल का टिकट मिल जाएगा।
क्यों नहीं होगा बॉल-आउट या टॉस?
सुपर-8 मुकाबलों से अलग, सेमीफाइनल और फाइनल जैसे बड़े मैचों में ICC ने साफ किया है कि न तो बॉल-आउट होगा और न ही टॉस के जरिए फैसला। रैंकिंग ही अंतिम आधार होगी। यानी मेहनत सिर्फ नॉकआउट में नहीं, सुपर-8 में भी मायने रखती है।
अब सबकी नजर आसमान पर है। कोलकाता का मौसम अगर साफ रहा तो क्रिकेट प्रेमियों को शानदार मुकाबले देखने को मिलेंगे। लेकिन अगर बारिश आई, तो अंक तालिका की गणित ही असली विजेता तय करेगी।