भोपाल में स्थित SAI केंद्र से गोलकीपर मोहित एसएच का FIH पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए इंडिया टीम में सिलेक्शन हुआ है। बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले टूर्नामेंट में गोल बचाने की जिम्मेदारी होगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। SAI राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (NCOE) भोपाल के खिलाड़ी मोहित एचएस को FIH सीनियर पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए टीम इंडिया में जगह मिली है। उनके चयन के साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण के भोपाल केंद्र ने एक और खिलाड़ी को विश्व स्तर तक पहुंचाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
जानकारी के अनुसार, विश्व हॉकी का यह सबसे बड़ा आयोजन 15-30 अगस्त 2026 तक बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ल्ड कप में विश्व की 16 सर्वश्रेष्ठ टीमें चैंपयिन बनने की दौड़ में आमने-सामने होंगी। इस प्रतिष्ठित मंच पर मोहित गोलकीपर की जिम्मेदारी संभालते हुए देश की उम्मीदों की रक्षा करेंगे।
कौन हैं मोहित एसएच?
कर्नाटक के रहने वाले मोहित एचएस ने अपनी शानदार गोलकीपिंग, तेज़ रिफ्लेक्स, मानसिक दृढ़ता और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनका चयन न केवल उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत और अनुशासित प्रशिक्षण का परिणाम है, बल्कि SAI NCOE भोपाल में उपलब्ध विश्वस्तरीय कोचिंग, आधुनिक खेल विज्ञान सहयोग, उच्च गुणवत्ता वाली प्रशिक्षण सुविधाओं और उत्कृष्ट खेल अवसंरचना की सफलता का भी प्रमाण है।
मोहित ने जूनियर स्तर पर भी भारत का गौरव बढ़ाते हुए कई इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उनकी प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं-
-FIH जूनियर हॉकी विश्व कप 2023- चौथा स्थान
-सुल्तान ऑफ जोहोर कप 2023 – कांस्य पदक
-सुल्तान ऑफ जोहोर कप 2022 – स्वर्ण पदक
-पुरुष जूनियर एशिया कप 2023 (ओमान) – स्वर्ण पदक
जूनियर लेवल पर लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद उनका सिलेक्शन भारतीय सीनियर विश्व कप टीम में हुआ है। यह पल उनके खेल जीवन की एक बड़ी उपलब्धि है। यह उपलब्धि देश के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
SAI ने खिलाड़ी के भविष्य की दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान ने मोहित एचएस को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि मोहित विश्व कप जैसे प्रतिष्ठित मंच पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत का गौरव बढ़ाएंगे और देश की समृद्ध हॉकी परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। SAI NCOE भोपाल अपने खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय कोचिंग, खेल विज्ञान सहयोग, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और उत्कृष्ट खेल अवसंरचना उपलब्ध कराकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने के अपने मिशन को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। मोहित एचएस का चयन इसी उत्कृष्ट खेल पारिस्थितिकी तंत्र का एक और गौरवपूर्ण उदाहरण है।