ISSf 2025 World Cup: भारत ने म्यूनिख में आयोजित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (ISSF) विश्व कप में दमदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया। यह पिछले चार विश्व कप में तीसरी बार है जब भारत ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया है।
NRAI महासचिव का बयान
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के महासचिव के. सुल्तान सिंह ने म्यूनिख विश्व कप में भारतीय प्रदर्शन को लेकर संतोष जताया। उन्होंने कहा, “हमारे निशानेबाजों ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि भारत के लिए यह मुकाबला कठिन होगा, क्योंकि कुछ टॉप शूटर इसमें नहीं खेल रहे थे। भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या भी काफी अधिक थी। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि हमारे पास अब पहले से ज्यादा विकल्प मौजूद हैं और देश की निशानेबाजी में गहराई बढ़ी है।”
सुरुचि सिंह और आर्या-अर्जुन की जोड़ी ने दिलाया भारत को गोल्ड
भारत के लिए म्यूनिख वर्ल्ड कप में पदकों की शुरुआत पिस्टल शूटर सुरुचि सिंह ने की। 19 साल की इस हरियाणा की होनहार निशानेबाज ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतते हुए अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखा। वहीं आर्या बोसरे और अर्जुन बबूता की जोड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम इवेंट में ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्डधारी चीन की जोड़ी एस जीएल आई और वांग जी फी को हराकर भारत को दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया।
इलावेनिल और सिफ्त कौर ने कांस्य जीतकर बढ़ाया भारत का मान
भारत की दो ओलंपियन महिला निशानेबाजों ने भी म्यूनिख वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में दो बार की ओलंपियन इलावेनिल वलारिवान ने दमदार निशानेबाजी करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में ओलंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक सिफ्त कौर सामरा ने भी कांस्य पदक जीतकर खुद को एक बार फिर विश्व स्तर की निशानेबाज के रूप में साबित किया।