IPL 2026 के शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल जारी। 28 मार्च को बेंगलुरु में RCB और SRH के बीच ओपनिंग मुकाबला होगा। पहले फेज में 16 दिन में 20 मैच खेले जाएंगे।
नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की हलचल के बाद अब क्रिकेट फैंस की नजरें आखिरकार IPL 2026 पर टिक गई हैं। लंबे इंतजार के बाद बुधवार को टूर्नामेंट के शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया गया। इस बार आईपीएल का ओपनिंग मुकाबला 28 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) आमने-सामने होंगी।
यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। दिलचस्प बात यह है कि यही मैदान पिछले साल उस दुखद घटना के कारण भी सुर्खियों में रहा था, जब RCB की जीत के बाद निकली विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी और 11 लोगों की मौत हो गई थी।
पहले फेज में 16 दिन, 20 मैच और 4 डबल हेडर
बीसीसीआई की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक टूर्नामेंट के पहले चरण में 16 दिनों के भीतर कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें चार डबल हेडर भी शामिल हैं, यानी कुछ दिनों में फैंस को एक ही दिन दो-दो मैचों का रोमांच देखने को मिलेगा। इस फेज में लगभग सभी बड़ी टीमों की शुरुआत तय कर दी गई है। स्टेडियमों और शहरों में तैयारियां भी धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं।
मुंबई, चेन्नई और राजस्थान की शुरुआत कब
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अपना पहला मुकाबला 29 मार्च को खेलेगी। वानखेड़े स्टेडियम में उसका सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में अपना अभियान शुरू करेगी। इस बार सीएसके की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड के हाथों में है और टीम में संजू सैमसन की मौजूदगी भी चर्चा में है, जो हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।
चुनाव के कारण दो हिस्सों में आएगा शेड्यूल
आईपीएल का पूरा शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है। बीसीसीआई ने साफ किया है कि दूसरे फेज के मुकाबलों की तारीखें पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के ऐलान के बाद घोषित की जाएंगी। दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब आईपीएल का कार्यक्रम दो हिस्सों में जारी हुआ हो। इससे पहले भी 2009, 2014, 2019 और 2024 के आम चुनावों के दौरान टूर्नामेंट का शेड्यूल इसी तरह चरणों में सामने आया था।
दो दिन आगे बढ़ा ओपनिंग मैच
दिलचस्प बात यह भी है कि इस बार आईपीएल की शुरुआत पहले 26 मार्च से होनी थी, लेकिन चुनावी तैयारियों और सुरक्षा कारणों के चलते इसे दो दिन आगे बढ़ाकर 28 मार्च कर दिया गया। कुछ ऐसे शहर भी हैं जहां चुनावी गतिविधियों के बीच आईपीएल मैच होने हैं। इनमें चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम, कोलकाता का ईडन गार्डन्स और गुवाहाटी का बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम शामिल हैं।
डिफेंडिंग चैंपियन के होमग्राउंड पर ओपनिंग
पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इतिहास रचते हुए पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था। फाइनल में RCB ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया था। परंपरा के अनुसार, डिफेंडिंग चैंपियन टीम के होमग्राउंड पर ही ओपनिंग मैच रखा जाता है। यही वजह है कि इस बार टूर्नामेंट का पहला मुकाबला, साथ ही क्वालिफायर-2 और फाइनल भी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही आयोजित किए जाने की योजना है।
क्रिकेट फैंस के लिए इतना तय है कि शेड्यूल चाहे एक साथ आए या दो हिस्सों में, आईपीएल के मैदान पर हर दिन रोमांच और बड़े मुकाबलों की कमी नहीं रहने वाली।