IPL 2026 से पहले बड़ा बदलाव, ईशान किशन बने कप्तान जबकि पैट कमिंस और जोश हेजलवुड चोट के कारण शुरुआती मैचों से बाहर रहेंगे। ओपनिंग मैच पर असर।
नई दिल्ली। आईपीएल शुरू होने से ठीक पहले जो तस्वीर बनती दिख रही थी। वह अब थोड़ा बदल गई है। टीमों की प्लानिंग पर चोट का असर साफ दिखने लगा है। सनराइजर्स हैदराबाद ने अचानक कप्तानी में बदलाव कर दिया है। वहीं, डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी को भी बड़ा झटका लगा है। इसके बाद अब 28 मार्च को होने वाला ओपनिंग मैच अब सिर्फ मुकाबला नहीं, बल्कि नई रणनीतियों की परीक्षा जैसा हो गया है।
ईशान किशन को मिली कप्तानी
विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन को सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2026 के शुरुआती मुकाबलों के लिए कप्तान बना दिया है। नियमित कप्तान पेट कमिंस चोट की वजह से शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि कमिंस के पूरी तरह फिट होने तक टीम की कमान ईशान संभालेंगे।
इसके साथ ही साथी खिलाड़ी अभिषेक शर्मा को आरएसएच का उप-कप्तान बनाया गया है। ये फैसला थोड़ा चौंकाने वाला जरूर है, क्योंकि ईशान अब तक टीम में बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज ही जाने जाते रहे हैं।
कमिंस की चोट बनी चिंता
कमिंस पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और लंबे समय से रिहैब में हैं। ये चोट उन्हें एशेज सीरीज से पहले लगी थी, जहां उन्होंने एक टेस्ट खेला लेकिन फिर बाहर हो गए। ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट भी उनकी फिटनेस को लेकर सतर्क है। इसलिए जल्दीबाजी नहीं की जा रही। इसका असर अब आईपीएल में भी साफ दिख रहा है।
RCB को भी झटका, हेजलवुड शुरुआती मैचों से बाहर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भी अच्छी खबर नहीं है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड शुरुआती दो मैचों में नहीं खेल पाएंगे। हेजलवुड हैमस्ट्रिंग और एचिलीस की समस्या से उबर रहे हैं। पिछले सीजन में उन्होंने 22 विकेट लेकर टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी बड़ा नुकसान मानी जा रही है।
ओपनिंग मैच में दिखेगा नया समीकरण
28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बड़े खिलाड़ी बाहर हैं। ऐसे में ये मैच अब युवा खिलाड़ियों और नई लीडरशिप की असली परीक्षा बन सकता है। कहीं न कहीं फैंस के लिए ये मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है, क्योंकि अब मैदान पर कुछ नया देखने को मिल सकता है।
सीजन शुरू होने से पहले ही बढ़ा रोमांच
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही जो अनिश्चितता और बदलाव दिख रहे हैं, वो इस सीजन को और भी रोमांचक बना सकते हैं। एक तरफ नई कप्तानी, दूसरी तरफ स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी। ऐसे में अब देखना होगा कि कौन सी टीम इन हालातों को बेहतर तरीके से संभाल पाती है।