भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब जीता। अहमदाबाद में भारत ने रिकॉर्ड 255 रन बनाए, संजू सैमसन की 89 रन की पारी रही मैच की सबसे बड़ी हाइलाइट।
अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट के लिए 8 मार्च की रात ऐतिहासिक रात रही। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 255 रन बनाए और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया।
इस जीत के साथ भारत ने एक और इतिहास रच दिया। पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने इस पल को खड़े होकर सेलिब्रेट किया।
भारतीय बल्लेबाजों का तूफान
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। भारत की ओर से संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने शानदार पारियां खेलीं। शुरुआत से ही रन तेजी से बनते रहे और कीवी गेंदबाज दबाव में नजर आए।
संजू सैमसन की ऐतिहासिक पारी
ओपनर संजू सैमसन ने फाइनल में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 89 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 8 छक्के लगाए। सैमसन टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स के 85 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
ईशान और अभिषेक का दमदार साथ
सैमसन के अलावा ईशान किशन ने 54 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 52 रन की तेज पारी खेली।आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन ठोक दिए, जिससे भारत का स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन तक पहुंच गया। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने 3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरी न्यूजीलैंड
256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई। टिम सिफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार भी बन गई।
भारतीय गेंदबाजों का कमाल
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लिए। वहीं, अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए। दोनों गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में मैच का रुख पूरी तरह भारत की तरफ मोड़ दिया।
मैच में बने बड़े रिकॉर्ड
इस फाइनल में कई बड़े रिकॉर्ड भी बने। भारत ने 7.2 ओवर में 100 रन पूरे किए, जो टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे तेज 100 रन हैं। टीम इंडिया ने पावरप्ले में 92 रन बनाकर वर्ल्ड कप के सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी की। संजू सैमसन फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा भी कर दिखाया।
पीएम मोदी ने दी बधाई
भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार कौशल, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन किया। पीएम मोदी ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि इस जीत ने हर भारतीय का दिल गर्व और खुशी से भर दिया है। उन्होंने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए टीम इंडिया को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।