भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल की दहलीज पर कदम रखा। अभिषेक और पंड्या की फिफ्टी, अर्शदीप के 3 विकेट।
नई दिल्लीः आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में भारत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बनाने से अब सिर्फ एक कदम दूर है। मुकाबले में बल्लेबाजों और गेंदबाजों, दोनों ने शानदार योगदान दिया।
चेपॉक में जमकर बरसे रन
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने इसका पूरा फायदा उठाया और 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन ठोक दिए। यह टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2007 में श्रीलंका ने 260 रन बनाए थे। वहीं, भारत का यह टूर्नामेंट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है।
अभिषेक और पंड्या की तूफानी पारियां
भारतीय पारी की नींव अभिषेक शर्मा ने रखी, जिन्होंने 55 रन की तेज पारी खेली। हार्दिक पंड्या ने नाबाद 50 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया और प्लेयर ऑफ द मैच बने। तिलक वर्मा ने भी 44 रन की अहम नाबाद पारी खेली।
जिम्बाब्वे की कोशिश नाकाम
257 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत धीमी रही। हालांकि ओपनर ब्रायन बेनेट ने शानदार 97 रन बनाए और शतक से महज 3 रन दूर रह गए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
अर्शदीप की धारदार गेंदबाजी
भारतीय गेंदबाजों ने भी दबाव बनाए रखा। अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लेकर जिम्बाब्वे की कमर तोड़ दी। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने भी एक-एक विकेट झटके। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल की राह आसान कर ली है, जबकि इसी ग्रुप से साउथ अफ्रीका पहले ही अंतिम चार में पहुंच चुका है।