टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाया है। अहमदाबाद फाइनल में टीम इंडिया के पास इतिहास बदलने का मौका।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर है। अगर सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो वह कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कोई भी मेजबान टीम खिताब नहीं जीत पाई है। साथ ही, अभी तक कोई टीम अपने खिताब की रक्षा भी नहीं कर सकी है। यदि भारत यह मुकाबला जीतता है तो वह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा तीन बार खिताब जीतने वाली टीम बन जाएगी। हालांकि भारतीय टीम की राह आसान नहीं होगी, क्योंकि फाइनल में उसे टूर्नामेंट की सबसे कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।
टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से कभी नहीं जीता भारत
टी20 वर्ल्ड कप में भारत का न्यूजीलैंड से अब तक तीन बार सामना हुआ है और तीनों बार टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है.सबसे पहला मुकाबला 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में हुआ था, जब न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रन से हराया था। यह दोनों टीमों के बीच पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी था। हालांकि उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतने में सफल रही थी।
2016 में दूसरी बार भिड़े
2016 के टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच दूसरी बार मुकाबला हुआ था। नागपुर में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 47 रन से हराया था.उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 126 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 79 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस हार के बाद भारतीय बल्लेबाजों की स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ कमजोरी पर सवाल उठे थे। भारत उस टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक पहुंचा था, जहां उसे वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा था।
2021 में तीसरी बार आमना-सामना
2021 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड तीसरी बार आमने-सामने आए। दुबई में खेले गए इस मुकाबले में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए हर हाल में जीत चाहिए थी, क्योंकि पहले मैच में उसे पाकिस्तान से हार मिली थी.लेकिन इस मैच में भी न्यूजीलैंड ने बाजी मार ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 110 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड ने 14.3 ओवर में 2 विकेट पर 111 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया।
कई भारतीय खिलाड़ी पहली बार खेलेंगे फाइनल
इस बार भारतीय टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेलेंगे। इनमें ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती के नाम शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में कम से कम एक मैच खेल चुके हैं.वहीं संजू सैमसन पिछली बार टी20 वर्ल्ड कप की भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। हालांकि इस बार पिछले दो मैचों में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल में उनका खेलना लगभग तय माना जा रहा है.अब सभी की निगाहें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया के पास इतिहास बदलने का बड़ा मौका होगा।