Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > खेल

Rohit Sharma TV Show Debut

Rohit Sharma Retirment: रोहित शर्मा की नई पारी टीवी पर होगी शुरू, गेम शो होस्ट करेंगे ‘हिटमैन’

क्रिकेट के बाद रोहित शर्मा अब टीवी पर नई भूमिका में दिखेंगे। ‘द रोहित शर्मा शो’ में वह होस्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे और हर एपिसोड में दो परिवार खेलेंगे।


rohit sharma retirment रोहित शर्मा की नई पारी टीवी पर होगी शुरू गेम शो होस्ट करेंगे ‘हिटमैन’

मुंबई। क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान बनाने वाले रोहित शर्मा अब टीवी स्क्रीन पर नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। ‘द रोहित शर्मा शो’ के जरिए वह पहली बार किसी टीवी शो को होस्ट करेंगे। यह शो Sony TV और SonyLIV पर आएगा और फिलहाल अक्टूबर में इसके ऑन एयर होने की संभावना जताई जा रही है। Sony की वेबसाइट पर भी शो को लिस्ट किया गया है। मैदान के बाद अब कैमरे के सामने रोहित का नया अंदाज देखने को मिलेगा। शो का पूरा फॉर्मेट अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है। हालांकि SportsYaari की रिपोर्ट के मुताबिक यह अमेरिका के चर्चित गेम शो ‘Family Feud’ के भारतीय रूपांतरण के तौर पर तैयार किया जा रहा है। इसमें दो परिवार एक-दूसरे के सामने गेम खेलते नजर आ सकते हैं।

टीवी पर रोहित की नई पारी

रोहित शर्मा के लिए यह क्रिकेट से बाहर एक नया कदम है। इससे पहले Sony ने मई में एक टीजर के जरिए उनके एंटरटेनमेंट डेब्यू का संकेत दिया था। उस समय शो का नाम और फॉर्मेट साफ नहीं किया गया था। अब ‘द रोहित शर्मा शो’ के नाम के साथ तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। नए प्रोमो में रोहित कैमरे के साथ अपने शूट को लेकर बातचीत करते दिखाई देते हैं। बैकग्राउंड में ‘आला रे आला रोहित आला’ सुनाई देता है। क्रिकेट के दौरान उनके शांत और मजाकिया अंदाज को देखते हुए टीवी पर उनकी नई भूमिका को लेकर फैंस के बीच भी दिलचस्पी बढ़ी है।

क्विज नहीं होगा गेम शो

यह शो क्विज फॉर्मेट पर आधारित नहीं होगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इसमें हर एपिसोड में दो परिवार हिस्सा लेंगे। दोनों परिवारों के बीच गेम होगा और रोहित इसकी मेजबानी करेंगे। अमेरिकी शो ‘Family Feud’ में भी परिवारों के बीच इसी तरह का मुकाबला होता है। हालांकि भारतीय संस्करण में फॉर्मेट में क्या बदलाव होंगे इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। शो की शूटिंग सितंबर में शुरू होने की संभावना है। इसके बाद अक्टूबर में इसे दर्शकों के सामने लाया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक रोहित इस प्रोजेक्ट से करीब छह महीने तक जुड़े रहेंगे। हर सप्ताह एक एपिसोड प्रसारित होने की योजना है और शो फरवरी 2027 तक चल सकता है।

‘गार्डन’ वाला डायलॉग फिर आया काम

रोहित के नए शो से पहले मई में जारी प्रोमो ने भी खूब ध्यान खींचा था। उसमें फैंस रोहित से उनका मशहूर डायलॉग ‘कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा’ बोलने की मांग करते नजर आए थे। बार-बार इस डायलॉग की फरमाइश से रोहित परेशान होते दिखे और आखिर में वहां से चले गए। प्रोमो में रोहित ने यह भी कहा था कि उन्हें जिंदगी में गार्डन चाहिए ही नहीं। यह पूरा सीक्वेंस उनके क्रिकेट वाले गंभीर अंदाज से अलग एक हल्का-फुल्का रूप दिखाता है। Sony ने शुरुआती टीजर अभियान में भी इसी तरह उनके लोकप्रिय अंदाज को एंटरटेनमेंट से जोड़ा था।

विज्ञापनों में पहले से कैमरे के सामने हैं रोहित

टीवी शो उनके लिए कैमरे के सामने आने का पहला मौका जरूर होगा लेकिन विज्ञापन की दुनिया रोहित के लिए नई नहीं है। वह Adidas, Jio, CEAT, Thums Up, Oral-B, Bournvita, Max Life Insurance और BharatPe जैसे कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं। रोहित ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में भी दो बार दिखाई दे चुके हैं। वहां उन्होंने क्रिकेट से जुड़े किस्से साझा किए थे और अपने मजाकिया अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन किया था। पत्नी रितिका सजदेह के साथ भी वह मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के एक टीवी विज्ञापन में नजर आ चुके हैं।

क्रिकेट की कामयाबी के बाद एंटरटेनमेंट में कदम

रोहित शर्मा ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वनडे में उनके नाम तीन दोहरे शतक हैं और 264 रन की पारी अब भी उनका सबसे बड़ा वनडे स्कोर है। 2019 वनडे विश्व कप में उन्होंने पांच शतक लगाए थे। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक वनडे में उनके नाम 11,895 रन हैं। कप्तान के रूप में रोहित ने भारत को 2024 टी20 विश्व कप जिताया। इसके बाद 29 जून 2024 को उन्होंने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लिया। टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 4,231 रन हैं। 7 मई 2025 को उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी विदाई ले ली। 67 टेस्ट में उन्होंने 4,301 रन बनाए। अब रोहित वनडे क्रिकेट में खेल रहे हैं। 19 जुलाई 2026 को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 110 गेंदों पर 138 रन बनाए। इस पारी के साथ वह लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय पुरुष बल्लेबाज बने। अब क्रिकेट के मैदान के बाहर उनकी अगली पारी टीवी स्टूडियो में शुरू होने जा रही है।

Related to this topic: