भारतीय टेस्ट टीम की श्रीलंका दौरे के पहले ही टेंशन खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। जसप्रीत बुमराह के बाहर होने के बाद अभ साई सुदर्शन की फिटनेस पर भी सस्पेंस बना हुआ है।
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया की तैयारियों पर फिटनेस की चिंता बढ़ गई है। जसप्रीत बुमराह पहले ही चोट के कारण टीम से बाहर हो चुके हैं। वहीं, अब युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन के खेलने को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला अभी बाकी है।
बीसीसीआ ने जब टेस्ट सीरीज के लिए टीम घोषित की थी। तब जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन दोनों के नाम के साथ विशेष निशान लगाया गया था। इसका मतलब था कि दोनों खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह फिट होने की शर्त पर किया गया है। बुमराह फिटनेस टेस्ट में पूरी तरह सफल नहीं हो सके और उनकी जगह आकिम नबी को टीम में शामिल कर लिया गया। हालांकि साई सुदर्शन का नाम अब भी सूची में बना हुआ है।
फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी नजरें
साई सुदर्शन की उपलब्धता को लेकर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं आया है। माना जा रहा है कि मेडिकल टीम की रिपोर्ट के बाद ही यह तय होगा कि वह श्रीलंका दौरे पर जाएंगे या नहीं। अगर वह पूरी तरह फिट नहीं पाए गए तो उन्हें भी टीम से बाहर किया जा सकता है।
प्रैक्टिस मैच स्थिति साफ करेगा
भारतीय टीम 7 अगस्त से तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेलेगी। इसी मुकाबले को साई सुदर्शन की मैच फिटनेस परखने का अहम मौका माना जा रहा है। यदि वह बिना किसी परेशानी के मैदान पर उतरते हैं तो 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में उनके खेलने की संभावना मजबूत हो सकती है। वहीं, अभ्यास मैच से बाहर रहने की स्थिति में चयनकर्ताओं को दूसरा फैसला लेना पड़ सकता है।
टीम के पास हैं विकल्प
अगर साई सुदर्शन अंतिम समय में उपलब्ध नहीं होते हैं तो टीम इंडिया के पास विकल्पों की कमी नहीं है। देवदत्त पडिक्कल नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने का अनुभव रखते हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। ऐसे में टीम संयोजन पर बड़ा असर पड़ने की संभावना कम मानी जा रही है।
अपडेट स्क्वाड में शुभमन गिल कप्तान और केएल राहुल उपकप्तान की भूमिका में हैं। टीम में यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, मानव सुथार और आकिब नबी भी शामिल हैं। अब सबसे ज्यादा नजर बीसीसीआई की अगली फिटनेस अपडेट पर रहेगी, जिससे साई सुदर्शन की उपलब्धता की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।