भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे सीरीज का फैसला करेगा। भारत के पास 22 साल बाद इस मैदान पर जीत दर्ज करने का मौका है। वहीं, इंग्लैंड भी सीरीज जीत के लिए तैयार है।
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार के दिन वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला होने जा रहा है। फिलहाल तीन मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर है। रविवार के दिन होने वाले मुकाबले के लिए दोनों टीमों के सामने सिर्फ एक लक्ष्य है। वह है जीत के साथ ट्रॉफी अपने नाम करना। भारत के लिए यह मुकाबला और भी खास है क्योंकि टीम के पास 22 साल बाद लॉर्ड्स में वनडे जीत का इंतजार खत्म करने का मौका है।
भारतीय समयानुसार मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा जबकि दोनों कप्तान शुभमन गिल और हैरी ब्रुक 3 बजे टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे। इस मैच का असर सिर्फ सीरीज के नतीजे तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम के विदेशी रिकॉर्ड पर भी नजरें टिकी रहेंगी।
लॉर्ड्स पर इतिहास बदलने की चुनौती
बता दें कि भारत ने पिछले 22 वर्षों से लॉर्ड्स में कोई भी वनडे मुकाबला नहीं जीता है। ऐसे में सीरीज का निर्णायक मैच सिर्फ ट्रॉफी की लड़ाई नहीं बल्कि एक लंबे इंतजार को खत्म करने का अवसर भी बन गया है। गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम के लिए यह विदेशी धरती पर भरोसा कायम रखने का भी बड़ा मौका माना जा रहा है। श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज गंवाने के बाद इस मुकाबले का महत्व और बढ़ गया है।
टीम संयोजन में बदलाव से बदलेगा समीकरण
दूसरे वनडे के दौरान चोटिल हुए वाशिंगटन सुंदर पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। वहीं, उनकी जगह हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा टीम स्क्वायड में शामिल किए गए कुलदीप यादव को अब तक एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। निर्णायक मुकाबले में उनके चयन को लेकर चर्चा जरूर है लेकिन फिलहाल बदलाव की संभावना कम मानी जा रही है।
रोहित और कोहली पर सबसे ज्यादा नजर
रोहित शर्मा के लिए यह मुकाबला व्यक्तिगत रूप से भी अहम माना जा रहा है। वर्ष 2026 में आठ वनडे मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है। दूसरी ओर विराट कोहली अच्छी लय में दिख रहे हैं लेकिन भारत को सीरीज जीतनी है तो उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। कप्तान शुभमन गिल ने पूरी सीरीज में निरंतर प्रदर्शन कर टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी है।
इंग्लैंड की ताकत को रोकना आसान नहीं
इंग्लैंड के लिए जो रूट लगातार संकटमोचक साबित हो रहे हैं और भारतीय गेंदबाज उन्हें जल्दी आउट करने में सफल नहीं हो पाए हैं। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी शानदार लय में हैं और नई गेंद से भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकते हैं। शुरुआती ओवरों के बाद लॉर्ड्स की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जा रही है इसलिए दोनों टीमों के बीच बड़े स्कोर वाला मुकाबला देखने को मिल सकता है।