IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने 264 रन बनाकर पंजाब को 265 का लक्ष्य दिया, केएल राहुल ने 152 रन की ऐतिहासिक पारी खेली।
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन का अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाए और 265 रन का विशाल लक्ष्य दिया। यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। जहां टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।
केएल राहुल का ऐतिहासिक शतक
दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने शानदार नाबाद 152 रन की पारी खेली। यह आईपीएल इतिहास में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया है। राहुल ने अपनी पारी में आक्रामक अंदाज दिखाते हुए गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनके साथ नीतीश राणा ने भी 91 रन की अहम पारी खेली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 220 रन की बड़ी साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने 141 रन बनाए थे।
पंजाब किंग्स की तेज शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने आक्रामक शुरुआत की। टीम ने शुरुआती 2 ओवर में बिना विकेट खोए 36 रन बना लिए। ओपनर प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या तेज रन गति से बल्लेबाजी कर रहे हैं।
मैदान पर हादसा एनगिडी चोटिल
मैच के दौरान एक चिंताजनक घटना भी सामने आई। फील्डिंग के दौरान लुंगी एनगिडी कैच पकड़ने की कोशिश में संतुलन खो बैठे और पीछे गिरते हुए उनका सिर जमीन से टकरा गया। चोट लगने के बाद वे कुछ समय तक मैदान पर ही पड़े रहे। मेडिकल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया और करीब चार मिनट बाद उन्हें स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर ले जाया गया।
इस घटना के बाद खिलाड़ियों और दर्शकों में चिंता का माहौल देखा गया, हालांकि टीम प्रबंधन की ओर से उनकी स्थिति पर आधिकारिक अपडेट का इंतजार है।